भिवानी। परिवार पहचान पत्र पोर्टल की धीमी चाल ने त्रुटियां ठीक कराने वालों को बेहाल कर दिया है। नागरिक संसाधन सूचना विभाग के पास परिवार पहचान पत्र की त्रुटियां ठीक कराने के लिए लोगों का रोजाना ही जमावड़ा लग रहा है। मगर पोर्टल धीमा काम करने व कई बार तो घंटों तक ठप रहने की वजह से कर्मचारी भी परेशान हैं। परिवार पहचान पत्र में करीब डेढ़ माह से नए फैमिली आईडी बनने और नए सदस्यों को जोड़ने और हटाने के ऑप्शन भी बंद पड़े हैं। इनसे जुड़े आवेदन भी लंबित पड़े हैं।
परिवार पहचान पत्र में गलतियां व आय की वेरिफिकेशन के लिए करीब 1500 से अधिक आवेदन आ गए हैं। लेकिन इनमें पोर्टल ठप रहने और धीमा काम करने की वजह से लंबित आवेदनों को निपटान में भी दिक्कतें आ रही हैं। पोर्टल ठप रहने की वजह से लोगों को भी बार बार चक्कर काटने पर मजबूर होना पड़ता है। फिलहाल परिवार पहचान पत्र पोर्टल पर आय की वेरिफिकेशन, बच्चों के जन्म की वेरिफिकेशन के अलावा फैमिली आईडी में सदस्यों के नामों की गलतियों को ही ठीक किया जा रहा है। इन कार्याें के लिए भी पोर्टल ठीक से काम नहीं कर रहा है।
विधुर का ऑप्शन पोर्टल में नहीं, पेंशन बनवाने के लिए भी बढ़ी टेंशन
मानव संसाधन सूचना विभाग के पास मेरा परिवार पोर्टल पर विधुर व्यक्ति की पेंशन बनवाने के लिए भी आवेदन आ रहे हैं, मगर फिलहाल पोर्टल में विधवा का ऑप्शन तो हैं, मगर विधुर का कोई ऑप्शन नहीं है। ऐसे में जिन लोगों की पत्नी की मृत्यु हो चुकी हैं, वे लोग अपनी पेंशन बनवाने के लिए भी चक्कर काट रहे हैं। ऑप्शन नहीं होने की वजह से फैमिली आईडी में भी इस तरह की गलतियों को ठीक कर पाना संभव नहीं हो पा रहा है।
पोर्टल धीमा है और कई बार यह बंद भी हो जाता है। जिस वजह से यहां आने वाले लोगों के आवेदनों को निपटान में भी परेशानी आ रही है। पोर्टल पर अपडेट का काम चल रहा है और नई फैमिली आईडी के साथ नए सदस्यों को जोड़ने और पुराने सदस्यों को हटाने का काम भी बंद है। फैमिली आईडी में विधुर का ऑप्शन नहीं दर्शाया गया है, इसकी मुख्यालय में भी शिकायत दर्ज कराई गई है। पोर्टल के अपडेट होने के बाद शायद यह ऑप्शन भी चालू हो जाएगा।
- खुशवंत सिंह, जिला समन्वयक, मानव सूचना संसाधन विभाग, भिवानी।