भिवानी। गांव मालवास कोहाड़ निवासी किसान राजबीर के बंद मकान के ताले चटकाकर अज्ञात चोर बेटी की शादी के लिए जुटाए छह लाख रुपये चोरी कर ले गए। परिवार 10 अगस्त को हरिद्वार गया हुआ था। 11 अगस्त की सुबह चोरी का पता चला।
पुलिस प्रवक्ता अभिषेक ने बताया कि सूचना मिलने पर जूई कलां पुलिस ने मौके का मुआयना किया और राजबीर की शिकायत पर अज्ञात चोर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। राजबीर ने शिकायत में बताया कि वह खेतीबाड़ी करता है। उसने घर में करीब 10 लाख रुपये रखे हुए थे।
इनमें 500-500 रुपये की 12 गड्डियां, 200-200 रुपये के नोटों की गड्डियों में दो लाख रुपये और 75 हजार रुपये अलग रखे हुए थे। रुपये घर में लोहे की अलमारी में रखे थे। उसने बताया कि गत 10 अगस्त को उसका परिवार हरिद्वार गया हुआ था। 11 अगस्त की सुबह करीब सात बजे उसे सूचना मिली कि घर में चोरी हो गई है। इसके बाद वह घर पहुंचा और परिजनों से बातचीत की।
जांच करने पर पता चला कि 500-500 रुपये की 12 गड्डियां गायब थीं। चोर घर से छह लाख रुपये चोरी कर ले गए। हालांकि कुछ रुपये दूसरी जगह रखे होने के कारण बच गए।