भिवानी। मनान पाना हरजीकान चौक पर गंदगी, जलभराव, ठप सीवर और टूटे नाले के कारण हालात बदतर हो गए हैं। मुख्य मार्ग पर दूषित पानी एकत्रित रहने से स्थानीय निवासियों और दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। राहगीरों, स्कूली बच्चों और मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को भी गंदे पानी के बीच से गुजरना पड़ रहा है।
लोगों का आरोप है कि बार-बार गुहार लगाने के बावजूद नगर परिषद और संबंधित पार्षदों की अनदेखी के कारण समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। स्थानीय निवासी एवं पूर्व सैनिक प्रदीप और रमेश ने बताया कि यह गली दो वार्डों के बीच लगती है। सफाई के दौरान टूटा नाला पिछले दो-तीन वर्षों से खुला पड़ा है। इससे हर समय हादसे का डर बना रहता है।
उन्होंने आक्रोश जताते हुए कहा कि यदि प्रशासन नाले की मरम्मत करवाने में असमर्थ है तो वे नाले की मरम्मत के लिए अपनी पेंशन तक देने को तैयार हैं। वहीं दुकानदार सोमबीर, दुकानदार अमित कुमार, रमेश कुमार और पार्षद गोविंद राम बिल्लू बादशाह ने बताया कि जलभराव और पास की डेयरियों से निकलने वाली गंदगी के कारण दुर्गंध और मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। इससे व्यापार ठप हो गया है और बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है।
लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि नगर परिषद ने जल्द नाले की मरम्मत और पानी निकासी का स्थायी समाधान नहीं किया तो वे उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर आंदोलन करेंगे।