भिवानी। गांव मंढोली खुर्द में ईंटों से बने चूल्हे पर खाना बनाते समय हुए संदिग्ध विस्फोट का राज छह दिन बाद भी नहीं खुल पाया है। पीड़ितों की चुप्पी और मधुबन एफएसएल लैब की रिपोर्ट का इंतजार पुलिस की जांच को आगे बढ़ाने में चुनौती बना हुआ है।
12 नवंबर की शाम करीब सवा सात बजे किराये के मकान में रहने वाले अनूप की पत्नी सपना आंगन में बने ईंटों के चूल्हे पर खाना पका रही थी। सपना के अनुसार चूल्हे पर आधे से ज्यादा खाना बन चुका था तभी अचानक जोरदार धमाका हो गया। विस्फोट की चपेट में आकर उसका तीन वर्षीय बेटा शिव प्रवेश गंभीर रूप से घायल हो गया जिसकी बाद में मौत हो गई। हादसे में सपना, सोनाक्षी, रेनू, मुकेश, कर्णजीत सहित आठ लोग गंभीर रूप से झुलस गए थे, जिन्हें हिसार के निजी अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा।
धमाका इतना जबरदस्त था कि चूल्हे के आसपास रखा खाना और अन्य सामान दूर-दूर तक बिखर गया। आसपास की दीवारों पर मेटल और मांस के टुकड़े चिपक गए जबकि तवा भी टुकड़े-टुकड़े हो गया। पास रखे हुक्के की पीतल की नली में भी छेद हो गया था। घटना के बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में सर्च अभियान चलाकर जांच की और मौके पर पहुंची एफएसएल टीम ने विस्फोट से जुड़े साक्ष्य जुटाए।
एफएसएल रिपोर्ट से खुलेगा विस्फोट का राज
मौके से जुटाए गए साक्ष्य जांच के लिए मधुबन एफएसएल लैब भेजे गए हैं। पुलिस रिपोर्ट जल्द मंगवाने के प्रयास कर रही है। जांच में यह स्पष्ट होगा कि विस्फोट किस तरह के पदार्थ से हुआ और उसकी तीव्रता कितनी थी। साथ ही यह भी पता चल सकेगा कि संदिग्ध विस्फोटक वहां कैसे पहुंचा। घटना के छह दिन बाद भी पीड़ितों और प्रत्यक्षदर्शियों की ओर से कोई जानकारी या शिकायत सामने नहीं आई है, जिससे मामले की गुत्थी उलझी हुई है।
मंढोली खुर्द के एक घर में हुए विस्फोट की जांच जारी है। घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्य मधुबन एफएसएल लैब भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही विस्फोट के कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पीड़ितों की ओर से कोई शिकायत नहीं दी गई है। पीड़ितों और प्रत्यक्षदर्शियों ने भी घटना के संबंध में चुप्पी साध रखी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। -सुरेंद्र सिंह, डीएसपी, सिवानी