लगातार दो दिन में भिवानी जिले में डेंगू के छह मामले सामने आए हैं। यानी दो दिन में रोजाना ही तीन-तीन डेंगू केसों की पुष्टि स्वास्थ्य विभाग ने की है। मंगलवार को गांव लोहानी में एक, नया बाजार में एक और ढाणा लाडनपुर में एक केस सामने आया है।
वहीं सोमवार को भी गांव खरक, बापोड़ा और मिताथल में डेंगू का एक-एक केस सामने आया था। स्वास्थ्य विभाग की रेपिड एक्शन रिस्पाॅन्स टीम ने गांव बापोड़ा में एंटी लारवा एक्टिविटी चलाई। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में मच्छर के लारवा मिलने पर उसे नष्ट किया। लोगों को भी मच्छर जनित बीमारियों के प्रति आगाह किया।
विज्ञापन
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार अब तक भिवानी जिले में डेंगू के 56 मामले सामने आ चुके हैं। जबकि पिछले साल केवल 40 मामले ही दर्ज किए गए थे। स्वास्थ्य विभाग की हिदायतों के बावजूद भी ग्रामीण क्षेत्र में फॉगिंग को लेकर अभी भी स्थिति काफी कमजोर है। वहीं शहरी दायरे में भी वार्डों के अंदर फॉगिंग नहीं हो पा रही। मौसम में उमस और नमी की वजह से पानी के ठहराव वाली जगहों पर लगातार लारवा पनप रहा है।
जिले में लगातार दो दिन में डेंगू के छह केस सामने आए हैं। विभाग की टीमें ग्रामीण और शहरी क्षेत्र में लगातार एंटी लारवा एक्टिविटी चलाकर लोगों को मच्छर जनित बीमारियों के प्रति जागरूक कर रही है। वहीं लोगों की ब्लड स्लाइड भी तैयार की जा रही हैं। जिन हिस्सों में डेंगू के केस आए हैं, वहां आसपास के इलाके की मॉनिटरिंग भी करा रहे हैं। लोगों की जागरूकता ही मच्छर जनित बीमारियों के संक्रमण पर काबू पा सकती है।
-डॉ. कृष्ण कुमार, उप-सिविल सर्जन, भिवानी।