भिवानी। दिवाली पर आतिशबाजी और पटाखे चलाने के दौरान आग से झुलसने के छह मामले सामने आए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल के आपातकालीन विभाग में लाया गया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें प्राथमिक उपचार दिया।
दरअसल, दिवाली पर जिला नागरिक अस्पताल के आपातकालीन विभाग में चिकित्सकों की विशेष ड्यूटी लगाई गई थी। दिवाली पर पटाखे चलाते समय आग से झुलसने के मामलों को देखते हुए दवाओं की भी व्यवस्था कराई गई थी। दिवाली को देर रात तक झुलसे हुए लोगों को आपातकालीन विभाग में लाने का सिलसिला चला। हालांकि इनमें दो छोटे बच्चे भी शामिल थे, जो पटाखा चलाते समय आंशिक रूप से झुलस गए थे।
सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेजा गया था, कोई भी झुलसने का मरीज दाखिल नहीं किया गया। सिविल सर्जन डॉ. रघुवीर शांडिल्य ने बताया कि दिवाली का पर्व खुशियों का पर्व है। दिवाली पर आपातकालीन विभाग में आग से झुलसने वाले लोगों के लिए चिकित्सकों की स्पेशल ड्यूटी लगाई गई थी। सुखद बात यह रही कि इस बार त्योहार अच्छा रहा कोई बड़ी घटना सामने नहीं आई। संवाद