भिवानी। करोड़ों के बजट से कंपनियों ने सड़क बनाने में खूब माल लगाया, मगर मानसून की पहली बारिश में ही सड़कें बेहाल हो गई। इन सड़कों में पहले की तरह की गहरे गड्ढे बन गए, जिनमें अब वाहन चालक हिचकोले खा रहे हैं। इस बार मानसून अच्छा बताया जा रहा है। अगर मानसून खूब बरसा तो शहर की सड़कों की हालत तो पहली होना तय है, क्योंकि एक बारिश ने ही उनका ये हाल कर दिया तो पूरा मानसून तो सड़क के अस्तित्व के लिए ही खतरा बन जाएगा।
शहर में हुडा व नगर परिषद के अलावा बीएंडआर व एनएच ने कई हिस्सों में नई सड़कों का निर्माण कराया था। इन सड़कों में कुछ महीने भी शहरवासी इस्तेमाल नहीं कर पाए कि बारिश में फिर से उनका वही पुराने जैसा हाल हो गया। शहर के बासिया भवन से लघु सचिवालय की ओर जाने वाली सड़क पर भी पहली बारिश का असर दिखा। वहीं हुडा सेक्टर में बनी सड़कों का भी हाल बद से बदतर हो गया। यहां सड़क के बीच में सड़क कम गड्ढ़े ज्यादा बन गए हैं। जिसकी वजह से दुपहिया वाहन चालकों को भी खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अब नई सड़कों पर बने गड्ढ़ों में फिर से पैचवर्क लगने शुरू हो जाएंगे और ये सिलसिला हर बारिश के बाद शायद जारी रहेगा।
जलभराव बन रहा सड़कों के लिए परेशानी
शहर में कई जगह सड़कों पर ही बारिश के पानी का ठहराव हो गया। जिसकी वजह से तारकोल से बनी ये सड़कें खस्ताहाल हो गई। अब भी शहर में कई ऐसी जगह हैं जहां पर बारिश के पानी की निकासी के कोई प्रबंध नहीं है, यहां पर सबसे ज्यादा असर सड़कों व गलियों पर पड़ता है। बारिश का पानी चौबीस घंटे या फिर इससे अधिक समय तक यहां जमा रहता है, जिस कारण इनकी गुणवत्ता पर भी काफी असर पड़ता है।
पहली बारिश ने बिगाड़ी इन सड़कों की हालत
शहर के बासिया भवन से लघु सचिवालय की तरफ जाने वाली हुडा की सड़क की हालत पहली बारिश ने बिगाड़ दी है। लघु सचिवालय परिसर के समीप भी कई जगह सड़के टूट चुकी हैं। हालुवास गेट नुनसर मोहल्ला की तरफ जाने वाले मार्ग पर भी सड़क बारिश में धंस गई है। इसके अलावा शहर के सेक्टर-13 की मुख्य सड़क भी टूट चुकी है। इसके अलावा भी शहर में कई जगहों पर सड़कें धंसी हैं या फिर बारिश में टूट गई हैं।
मुख्य सड़कों के बरसाती चैनल भी पड़े ठप
बारिश के दौरान ही कर्मचारियों को याद आता है कि मुख्य सड़कों के किनारे बरसाती चैनल खोले जाएं, मगर अधिकतर बरसाती चैनल स्थायी तौर पर बंद पड़े हैं, जिनकी वजह से मुख्य सड़कों पर भी कई जगह से पानी की निकासी नहीं हो रही है। यही वजह है कि समस्याएं बन रही है।
बारिश के दौरान जहां सड़कों में गडढे बने हैं, उन्हें जल्द दुरुस्त कराया जाएगा। हमारे विभाग की लगभग सभी सड़कों की हालत ठीक हैं, फिर भी हम बारिश के दौरान सड़कों की रिपेयरिंग निरंतर कराते रहेंगे।
-राहुल चहल, कार्यकारी अभियंता बीएंडआर।