चरखी दादरी। धिकाड़ा रोड़ स्थित इंर्वटर-बैट्री शॉप का शटर तोड़कर मंगलवार रात चोरों ने बैटरियां चोरी कर ली। यहां गश्त कर रही पीसीआर ने घटना की सूचना पीड़ित दुकान मालिक को दी। सूचना मिलने के बाद दुकान मालिक ने मौके पर पहुंचकर सामान की जांच की तो यहां से लाखों का सामान गायब मिला। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात पर मामला दर्ज कर लिया है। इस दुकान को चोरों ने दूसरी बार अपना निशाने बनाया है।
धिकाड़ा रोड़ स्थित श्री राम इलेक्ट्रोनिक स्टोर को मंगलवार रात चोरों ने अपना शिकार बनाया। करीब साढ़े 12 बजे यहां गश्त कर रही पीसीआर को दुकान का शटर टूटा दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने दुकान के ऊपर लिखे मोबाइल नंबर पर फोन कर दुकान मालिक मौजा फौगाट को घटना से अवगत करवाया। दुकान मालिक ने जब यहां आकर सामान संभाला तो उसे यहां से 13 बैटरियां गायब मिली। दुकान मालिक ने बताया कि इन बैटरियों की कीमत डेढ़ लाख रुपये है। दुकान मालिक ने बताया कि दो साल पहले भी उसकी दुकान पर हाथ साफ कर चोरों ने करीब दो लाख रुपये की बैटरियां चोरी कर ली थी। इसका भी पुलिस आज तक भेद नहीं लगा पाई है।
वर्सन:
पीड़ित दुकान मालिक की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर लिया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार चोरी किए गए सामान की बरामदगी करवा दी जाएगी।
सुखबीर सिंह, सिटी थाना प्रभारी