भिवानी। शहर के राजकीय आयुर्वेदिक अस्पताल एवं पंचकर्म केंद्र में लंबे समय से कुछ दवाओं का टोटा बना हुआ है। दवाओं की कमी के चलते ओपीडी में आने वाले मरीजों को बाहर से दवा खरीदनी पड़ रही है। इस कारण मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ओपीडी में सामान्य रोग, स्त्री रोग, शरीर दर्द, पेट संबंधी मरीज ज्यादा आ रहे हैं। लेकिन पेट संबंधी रोगों में कब्ज को दूर करने के लिए दिए जाने वाले त्रिफला चूर्ण, लवण भास्कर व अभयारिष्ट दवा लंबे समय से नहीं है। इसके अलावा महिलाओं में माहवारी संबंधी समस्याओं में दिए जाने वाली कुमारी अश्वकुमारी, अशोकारिष्ट दवा भी मौजूद नहीं है।
इसके अलावा अन्य रोगों से संबंधित लगभग दवा स्टोर में नहीं है। इस कारण चिकित्सकों को भी विकल्प के तौर पर किसी अन्य दवा को लिखना पड़ रहा है। दवा की कमी के चलते मरीज भी परेशान रहते हैं। दवा नहीं होने के कारण मरीज भी आयुर्वेदिक ओपीडी में जाने से दूरी बना रहे हैं।
दरअसल, ओपीडी में चिकित्सक तो मौजूद हैं, लेकिन चिकित्सकों की ओ से लिखी गई अधिकतर दवा केंद्र के अंदर बने स्टोर में मरीजों को नहीं मिल रही है। इस कारण मरीजों को निजी मेडिकल स्टोरों से दवा महंगे दाम में खरीदनी पड़ रही है।
बता दें कि आयुर्वेदिक इलाज पद्धति में प्रयोग की जाने वाली कुछ दवाओं का मूल्य तो तीन से पांच हजार रुपये प्रति दस ग्राम गोली है। इसके कारण महंगी दवा होने के कारण कुछ मरीज खरीद पाने में सक्षम नहीं होते और अपना इलाज बीच में ही बंद कर देते हैं।
जिला नागरिक अस्पताल में बने राजकीय आयुर्वेदिक केंद्र में प्रतिदिन सैकड़ों मरीज जांच करवा कर दवा लेने आते हैं। लेकिन केंद्र के अंदर बने स्टोर में मरीजों को आधी अधूरी दवा मिल रही है। इस कारण मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ये दवा नहीं है स्टोर पर
सितोपोलादी चूर्ण।
त्रिफला चूर्ण।
लवणभास्कर।
चंद्रप्रभा वटी।
आरोग्यवर्धिनी वटी।
सारस्वतारिष्ट।
कांचनार गुग्गुल वटी।
भृंगराजासव।
कुमारी अश्व।
अभयारिष्ट।
अशोकारिष्ट।
अर्जुनारिष्ट।
दशमूलारिष्ट।
मेरा इलाज आयुर्वेदिक चिकित्सक के पास चल रहा है। चिकित्सक की ओर से मेरे स्वास्थ्य की जांच कर छह दवा पर्ची में लिखी है। लेकिन स्टोर से सिर्फ दो दवा मिली है। चार दवा बाहर से खरीदने के लिए बोला गया है। बाहर आयुर्वेदिक दवा काफी महंगे दाम में मिलती हैं। इस कारण दवा का पूरा कोर्स लेने में परेशानी आती है। अगर सरकार आयुर्वेदिक पद्धति को बढ़ावा देना चाहती है तो दवा का स्टॉक भी पूरा करना चाहिए।
- हरिकृष्ण भिवानी निवासी।
मैं आयुर्वेदिक ओपीडी में दवा लेने आया था। लेकिन चिकित्सक की ओर से लिखी गई दवाओं में से मुझे दो दवा बाहर से खरीदने के लिए बोला गया। लेकिन बाहर से दवा खरीदने पर पता चला कि दवा की कीमत 1500 रुपये थी। महंगी दवा लेने में हर व्यक्ति सक्षम नहीं होता। इसलिए सरकार को दवा स्टॉक पूरा करना चाहिए ताकि मरीजों को परेशानी नहीं है।
-शुभम पुर निवासी।
दवा लगातार अस्पताल में आ रही हैं। चिकित्सक द्वारा लिखी जाने वाली लगभग दवा स्टोर में मौजूद हैं। अगर फिर भी कुछ दवा नहीं है तो चिकित्सक से बात कर विकल्प के तौर पर कोई और दवा लिखवा लें। अभी नया स्टॉक भी पहुंचा है। इसके बाद एक से दो दिन में दोबारा पता कर लें। किसी मरीज को किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं आने दी जाएगी।
- डॉ. रश्मि शर्मा, इंचार्ज, राजकीय आयुर्वेदिक एवं पंचकर्म केंद्र, भिवानी।