दिवाली के त्योहारी सीजन में बाजारों की रौनक बढ़ गई है। दुकानें और फुटपाथ सामान से सज गए हैं। सामान खरीदने के लिए लोग बाजार में पहुंचने लगे हैं। वीरवार से शहर में सुरक्षा प्रहरी मचान पर सुरक्षा की कमान भी संभालेंगे। बाजारों व जिले भर में त्योहार पर आपराधिक तत्वों पर निगरानी रखने के लिए 18 मचान लगाई जाएंगी, जिन पर पुलिसकर्मी दूरबीन से दूर तक निगरानी करेंगे। पुलिस की ओर से शहर में सुबह आठ से रात आठ बजे तक पुलिस के 12 नाके लगाए गए हैं। वहीं पुलिस के घुड़सवार भी शहर में सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा संभालेंगे।
पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला के निर्देश पर धनतेरस, दिवाली और गोवर्धन पूजा त्योहार को देखते हुए सतर्कता बढ़ा दी है वहीं सुरक्षा के भी पुख्ता बंदोबस्त किए हैं। भीड़ भरी जगहों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन सहित पूरे जिले में 25 नाके लगाए हैं। वहीं भीड़ की जगहों पर यातायात व्यवस्था सुचारु करने के लिए जिला पुलिस की 57 टीमें लगाई गई हैं। इसमें थाना प्रबंधक, चौकी इंचार्ज, रायडर, पीसीआर, हाईवे पीसीआर, महिला पीसीआर व दुर्गा शक्ति को नियुक्त किया है। पुलिस नाके, मोटर साइकिल राइडर व पैदल गश्त 10 नवंबर से अपने-अपने क्षेत्र व चौकी क्षेत्र में लगातार गश्त कर कानून व्यवस्था बनाएं रखेंगे। इसके अलावा 24 पैदल गश्त भी लगाई गई हैं, जो बर्तन बाजार, कपड़ा बाजार, सर्राफा बाजार व मुख्य चौराहों पर लगातार गश्त करेंगी। हर चौक पर अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया है। घोड़ा पुलिस भी संदिग्ध गतिविधियों व असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखेगी।
जिले के सभी थाना प्रबंधक व चौकी इंचार्ज को धनतेरस, दिवाली के कार्यक्रम को देखते हुए अपने-अपने क्षेत्र में प्रभावी गश्त कर कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। संदिग्ध व असामाजिक तत्वों पर विशेष तौर पर नजर रखी जाएगी। जिला वासियों से भी अपील की जा रही है कि वे कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का पूरा सहयोग करें।
-वरुण सिंगला, पुलिस अधीक्षक, भिवानी।