बवानीखेड़ा। कस्बे के वार्ड नंबर-13 निवासी एक बाइक रिपेयर दुकानदार ने कुछ युवकों पर कार में जबरन उठाकर ले जाने, रातभर बंधक बनाकर रखने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। पीड़ित ने इस संबंध में बवानीखेड़ा पुलिस थाना में शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
बवानीखेड़ा निवासी राजकुमार ने शिकायत में बताया कि उसकी नगर पालिका कार्यालय के सामने बाइक रिपेयर की दुकान है। उसका आरोप है कि सात मई की दोपहर करीब एक बजे वह दुकान पर अकेला था तभी स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार होकर कुछ युवक उसकी दुकान पर पहुंचे।
राजकुमार के अनुसार तीन युवकों ने उसके साथ गाली-गलौज की और जबरन उसे गाड़ी में बैठाकर गांव देवसर माता मंदिर के पास स्थित एक धर्मशाला में ले गए। आरोप है कि वहां उसे पूरी रात एक कमरे में बंद रखा गया तथा उसकी जेब से पांच हजार रुपये भी छीन लिए गए। पीड़ित ने बताया कि किसी तरह वह शुक्रवार सुबह आरोपियों के चंगुल से निकलकर पैदल बवानीखेड़ा पहुंचा। साथ ही आरोप है कि आरोपी लगातार फोन पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
इस मामले में बवानीखेड़ा थाना एसएचओ सुरेश कुमार ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है और वे स्वयं मामले की जांच कर रहे हैं। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। प्रारंभिक जांच में अभी तक अपहरण का मामला प्रतीत नहीं हो रहा है। दोनों पक्ष दुकानदार हैं और इनके बीच लेन-देन का विवाद भी सामने आया है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।