भिवानी। शहर के हांसी गेट के पास सीवर लाइन की सफाई के कारण पिछले तीन दिन से सड़कों पर जाम की स्थिति बनी हुई है। सफाई के लिए रोड के बीच में सुपरसकर मशीन खड़ी होने के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है।
घंटा घर के पास स्थित नागरिक अस्पताल के कारण इस जाम का सबसे अधिक असर एंबुलेंस और मरीजों पर पड़ रहा है। रोजाना सुबह से शाम तक लगभग 500 मीटर लंबी दूरी को तय करने में वाहन चालकों को 20 से 25 मिनट लग रहे हैं। वीरवार को भी दो एंबुलेंस जाम में फंस गईं और सायरन बजाने के बाद लगभग 15 मिनट में रास्ता साफ हुआ।
स्थानीय लोगों ने बताया कि तीन दिन से यही स्थिति बनी हुई है। उन्होंने सुझाव दिया कि सफाई का कार्य रात के समय किया जाए ताकि दिनभर यातायात प्रभावित न हो और दुकानदारों के व्यापार पर भी असर न पड़े। यातायात सुगमता के लिए सफाई कार्य का समय बदलने या वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाए।