भिवानी। क्रेडिट कार्ड के रिवॉर्ड प्वाइंट को रुपये में बदलने के नाम पर 3.75 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में थाना साइबर क्राइम पुलिस ने आरोपी सचिन कुमार को मंगलवार को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर भोंडसी जेल भेज दिया। आरोपी गुलाब नगर, आगरा, उत्तर प्रदेश का निवासी है और इस मामले में सातवां आरोपी है।
पुलिस को दी शिकायत में बहल निवासी एक व्यक्ति ने बताया कि 14 अक्तूबर 2024 को उसके मोबाइल पर एक महिला ने कॉल कर खुद को आईसीआईसीआई बैंक की कर्मचारी बताया। महिला ने कहा कि उसके क्रेडिट कार्ड पर कई हजार रुपये के रिवॉर्ड प्वाइंट जमा हैं जिन्हें रुपये में बदला जा सकता है। इसके बाद महिला ने व्हाट्सएप पर एक लिंक भेजकर उससे एक एप्लीकेशन डाउनलोड करवाई।
एप्लीकेशन डाउनलोड करने के बाद आरोपियों ने शिकायतकर्ता के साथ 3,75,000 रुपये की धोखाधड़ी कर ली और रिवॉर्ड प्वाइंट को रुपये में नहीं बदला गया।
मामले की जांच के दौरान थाना साइबर क्राइम के जांच अधिकारी रफीक ने आरोपी को न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट हासिल कर गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी सचिन ने बताया कि वह धोखाधड़ी के लिए अन्य आरोपियों को बैंक खाते उपलब्ध कराता था जिसके बदले उसे 20 प्रतिशत कमीशन मिलता था।