भिवानी। साइबर क्राइम पुलिस ने ऑनलाइन निवेश के नाम पर 3.27 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में रविवार को सातवें आरोपी हरमीत सिंह निवासी मंजीत नगर, लुधियाना, पंजाब को गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करके दो दिन का रिमांड हासिल किया है।
पुलिस अधीक्षक भिवानी सुमित कुमार ने जिले में साइबर अपराधियों द्वारा आम नागरिकों से ऑनलाइन निवेश के नाम पर धोखाधड़ी करने वालों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ प्रभावी कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। इन्हीं निर्देशों के तहत कार्रवाई करते हुए साइबर क्राइम थाना ने आरोपी को पकड़कर न्यायालय में पेश किया।
शिकायतकर्ता जो भिवानी निवासी हैं ने बताया कि उनके व्हाट्सएप पर एक मैसेज आया जिसमें एक वेबसाइट का लिंक भेजा गया। शिकायतकर्ता ने वेबसाइट पर आईडी बनाई और 17 सितंबर से 24 अक्तूबर तक 19 ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल तीन करोड़ 27 लाख रुपये निवेश किए। जब शिकायतकर्ता ने अपने रुपये निकालने का प्रयास किया तो रकम वापस नहीं मिली। इस पर साइबर क्राइम पुलिस में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
थाना साइबर क्राइम के मुख्य सिपाही रफीक ने बताया कि आरोपी हरमीत सिंह के अलावा इस मामले में पहले छह आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस टीम अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है जिन्हें जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से गहनता से पूछताछ की जाएगी।