भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की दसवीं और बारहवीं की उत्तरपुस्तिका मूल्यांकन का कार्य सोमवार से आरंभ हो गया। भिवानी जिले में दसवीं के उत्तरपुस्तिका मूल्यांकन के लिए सात और बारहवीं की उत्तरपुस्तिका मूल्यांकन के लिए एक केंद्र निर्धारित किया है।
सोमवार को पहले दिन मूल्यांकन केंद्रों पर स्कूल लेक्चरर ने दसवीं कक्षा की 15-15 उत्तरपुस्तिकाएं जांची। हरियाणा स्कूल लेक्चरर एसोसिएशन हसला जिला प्रधान अत्तर सिंह मलिक ने बताया कि पहले दिन मूल्यांकन केंद्रों पर स्कूल लेक्चरर ने दसवीं की 15 उत्तर पुस्तिकाओं की जांच की। जबकि दूसरे दिन से प्रत्येक लेक्चरर रोजाना 30 उत्तरपुस्तिकाएं जांचेंगे।
उन्होंने बताया कि पहले दिन मूल्यांकन केंद्रों पर जरूरी व्यवस्थाएं बनाई गई हैं। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने भिवानी शहर में दसवीं की उत्तरपुस्तिका मूल्यांकन के लिए चार केंद्र बनाए हैं। इसके अलावा तोशाम, लोहारू और सिवानी में भी मूल्यांकन केंद्र बने हैं। जबकि बारहवीं कक्षा का केवल एक ही मूल्यांकन केंद्र है। उत्तरपुस्तिका मूल्यांकन के लिए स्कूल लेक्चररर्स को बोर्ड प्रशासन की तरफ से प्रति उत्तरपुस्तिका जांच का अलग से भुगतान किया जाएगा।