पं नेकी राम शर्मा राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय।
भिवानी। हरियाणा की स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान तथा आयुष मंत्री आरती सिंह राव ने केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को पत्र लिखकर भिवानी के पंडित नेकीराम शर्मा राजकीय मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस दाखिले शुरू करने की स्वीकृति देने की मांग की है। उन्होंने आग्रह किया है कि राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) द्वारा तुरंत अनुमति पत्र (एलओपी) जारी किया जाए ताकि चालू शैक्षणिक सत्र 2025-26 से ही प्रवेश संभव हो सके।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य हर जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापित करना है ताकि डॉक्टर-जनसंख्या अनुपात सुधारा जा सके और लोगों को सस्ती व सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हों। उन्होंने बताया कि राज्य में निर्माणाधीन छह सरकारी मेडिकल कॉलेजों में से भिवानी का संस्थान पूरी तरह तैयार है। यह कॉलेज केंद्र प्रायोजित योजना के पहले चरण के तहत विकसित किया गया है। आरती सिंह राव ने कहा कि जनवरी 2025 में ही राज्य सरकार ने एनएमसी को आवेदन भेजकर 150 एमबीबीएस छात्रों को प्रवेश की अनुमति मांगी थी लेकिन अभी तक स्वीकृति नहीं मिली है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री से व्यक्तिगत हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया है ताकि अनुमति मिलने में और देरी न हो और भिवानी मेडिकल कॉलेज में इस सत्र से ही एमबीबीएस की पढ़ाई शुरू हो सके।