भिवानी। एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ ईशरवाल की टीम ने घर से आभूषण व रुपये चोरी मामले में दूसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी से एक हजार रुपये बरामद किए हैं।
तोशाम के वार्ड दो निवासी एक महिला ने तोशाम पुलिस थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। जिसमें शिकायतकर्ता महिला ने पुलिस को बताया था कि 14 नवंबर की रात को चोर उनके घर में घुसकर सामान, आभूषण व रुपये चोरी करके ले गए। इस संबंध में तोशाम पुलिस ने चोरी का केस दर्ज किया था। एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ ईशरवाल के मुख्य सिपाही तेजपाल ने घर में घुसकर चोरी की वारदात करने के मामले में दूसरे आरोपी को वार्ड नंबर 14 तोशाम से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान मनोज निवासी वार्ड नंबर 14 तोशाम के रूप में हुई है। आरोपी से पुलिस ने एक हजार रुपये बरामद किए हैं। वहीं आरोपी नशा करने का आदी है जो अपने नशे की पूर्ति के लिए घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जिला कारागार भेजने के आदेश हुए हैं। संवाद