भिवानी। बुधवार से स्कूल खुलने की तैयारी हो गई है। वहीं बच्चे और बुजुर्ग ठिठुरन भरी ठंड से मौसम की मार झेल रहे हैं। हालांकि रविवार को सोशल मीडिया पर स्कूलों की छुट्टियां 22 जनवरी तक बढ़ाने का शिक्षा विभाग का पत्र भी खूब वायरल हुआ। लेकिन शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने छुट्टियां बढ़ाए जाने संबंधी किसी भी पत्र की कोई पुष्टि नहीं की।
दरअसल, 15 जनवरी तक सभी सरकारी और गैर सरकारी विद्यालयों में शीत कालीन अवकाश घोषित किए गए हैं। बुधवार से स्कूलों में फिर से बच्चों की कक्षाएं लगाई जाएंगी। न्यूनतम तापमान लगातार गिरने की वजह से ठिठुरन बनी है। ऐसे मौसम में छोटे स्कूली बच्चों को ज्यादा दिक्कतें हो सकती हैं। ऐसे में अभिभावक भी छुट्टियां बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि 22 जनवरी तक छुट्टियां बढ़ती हैं तो फिर 27 जनवरी के बाद ही स्कूलों में नियमित पढ़ाई शुरू हो पाएगी। इस दौरान मौसम में ठिठुरन भी थोड़ी कम होगी।
वहीं जिला शिक्षा अधिकारी भिवानी नरेश महता ने बताया कि अभी तक शिक्षा निदेशालय से स्कूलों की शीत कालीन छुट्टियां बढ़ाने जाने संबंधी कोई भी सूचना या पत्र अधिकारिक रूप से नहीं आया है। सोमवार को कार्यालय खुलेंगे तो इस संबंध में निदेशालय से कोई आदेश हैं तो इसकी जानकारी तभी दे पाएंगे।