भिवानी। भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद धर्मबीर सिंह ने कहा कि जल्द ही संसदीय क्षेत्र में फूड प्रोसेसिंग पार्क बनाने के लिए कदम उठाए जाएंगे, इसके लिए उनकी फूड प्रोसेसिंग कमेटी सदस्य के तौर पर उच्चाधिकारियों से बातचीत चल रही है। फिलहाल गन्नौर और रोहतक में फूड प्रोसेसिंग यूनिट लगाने की प्लानिंग चल रही है। वे रविवार को रेस्ट हाउस में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने केंद्र सरकार के बजट पर कहा कि इससे देश की अर्थ व्यवस्था सुधरेगी और देश की ग्रोथ दोगुनी होगी। सांसद ने पानी के समान बंटवारे पर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए कहा कि भाखड़ा नहर से रावी ब्यास सतलुज का पानी मिलता है। लेकिन अब गोविंद सागर का भी पानी मिल रहा है। दक्षिणी हरियाणा की नहरी पानी की मांग पुरानी है, इसके लिए भाखड़ा का पूरा पानी इस इलाके को मिले। यह तभी संभव होगा जब पंजाब के कंडी प्रोजेक्ट पर सभी नदियों के पानी के लिए एक बड़ा डैम बने, इसके बाद एसवाईएल का पानी हरियाणा में लाने की राह भी आसान हो जाएगी। वे खुद एसवाईएल के पानी के मसले पर अपने तीन सुझाव रख चुके हैं। तेल के बढ़े हुए दामों पर सांसद ने कहा कि क्रूड ऑयल पर केंद्र की कस्टम ड्यूटी लगती है, इसके अलावा उस पर राज्यों का टैक्स भी होता है, इसलिए अलग-अलग राज्यों में ये टैक्स अलग-अलग है, इसी वजह से दामों में अंतर है। उन्होंने कहा कि वे खुद व्यक्तिगत तौर पर शराब बंदी के पक्ष में हैं, इस पर टैक्स नहीं बल्कि इसकी बिक्री ही बंद होनी चाहिए।
कोविड-19 के दौरान रेल किराया बढ़ोतरी पर सांसद ने कहा कि ये गलत है, इस संबंध में बजट सत्र के बाद वे मामला उठाएंगे। कृषि मंत्री द्वारा आंदोलन में मरने वालों पर की गई टिप्पणी पर उन्होंने कहा कि कोई भी हो किसानों के बारे में गलत कहना तो दूर हम गलत सोच भी नहीं सकते। शांतिपूर्वक धरना देना सभी का अधिकार है, लेकिन हम (सत्तापक्ष के नेता) धरनों पर जाकर माहौल बिगाड़ना नहीं चाहते। इस अवसर पर भाजपा के जिला प्रधान शंकर धूपड़, जिला महामंत्री बृजपाल तंवर, हर्षवर्धन मान, पवन ठाकुर, धीरज सैनी, अरविंद पुंडिर, दीपक कौशिक, प्रियंक दत्त शर्मा, मीडिया प्रभारी सोनू सैनी, सह मीडिया प्रभारी राकेश मिश्रा, अजय गोविंदपुरिया, सुनील वर्मा नंबरदार, अशोक सोलंकी, रामकिशन शर्मा मौजूद थे।