भिवानी। गांव कैरू निवासी एक युवक व उसके दोस्तों के साथ कैरू से जुई जाते वक्त बीच रास्ते में गाड़ी आगे लगाकर मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। रंजिश शादी में डीजे पर नाचने के दौरान हुई थी। इसी को लेकर युवक व उसके साथियों पर हमला किया। मामले की शिकायत जुईकलां पुलिस थाना में दी। जिस पर छह आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज हुआ है।
गांव कैरू निवासी जितेंद्र ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह गांव में ही खेतीबाड़ी का काम करता है7 पांच फरवरी की शाम साढ़े छह बजे अपने दोस्त सतीश इंदीवाली व नवदीप लाडयावाली के साथ फोरचुनर गाड़ी में बैठकर कैरू से जुई जा रहा था। गाड़ी नवदीप चला रहा था। जब वे चंदाबास नहर के पास पहुंचे तो एक कैंपर गाड़ी ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर रास्ता रोक लिया। कैंपर गाड़ी में से कुछ युवक नीचे उतरे और डंडों के साथ उन पर हमला कर दिया। इस हमले में आरोपियों ने उन्हें गंभीर चोटें पहुंचाई। जितेंद्र का आरोप है कि दो फरवरी को शादी में गांव चंदाबास गया था। इसी दौरान शादी में डीजे पर नाचने के दौरान आरोपियों से कहासुनी हुई थी। इसी रंजिश को लेकर उस पर व उसके साथियों पर आरोपियों ने हमला किया। पुलिस ने इस मामले में छह आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।