तीन माह का वेतन न मिलने पर झाडू लेकर रोष प्रदर्शन करते बवानीखेड़ा नगर पालिका के सफाई कर्मचारी।
बवानीखेड़ा। तीन माह का वेतन न मिलने पर नगर पालिका सफाई कर्मचारियों में रोष है। उन्होंने हाथों में उलटी झाड़ू लेकर ठेकेदार के प्रति रोष प्रदर्शन कर नारेबाजी की। दीपावली से पहले वेतन न मिलने पर ठोस कदम उठाने के संकेत दिए।
बवानीखेड़ा सफाई कर्मचारियों में सन्नी, संजय, जोगेन्द्र, मार्शल, विनोद, मोनू, बिंटू ने बताया कि वे लगभग 19 सफाई कर्मचारी ठेकेदारी स्तर पर डोर-टू-डोर कार्य करने में लगे हुए हैं। लगभग डेढ़ वर्ष से लगातार सफाई का कार्य कर रहे हैं और सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करते हैं। तीन माह होने पर ठेकेदार द्वारा एक माह का वेतन दिया जाता है व दो माह का स्वयं रख लिया जाता है। दीपावली का त्योहार सिर पर आन खड़ा है। वे दुकानदारों से उधार में सामान लेकर थक चुके हैं। भारी भरकम बिल हो चुके हैं।
त्योहार पर दुकानदारों ने भी बिना नकदी सामान देने से मना कर दिया है। लेकिन ठेकेदार की ओर से तीन माह का वेतन नहीं दिया है। बच्चों की स्कूल की फीस, दूध का बिल, रसोई का सामान, स्वास्थ्य संबंधित व अन्य जरूरतों के लिए उन्हें दूसरों के आगे हाथ फैलाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। इसी से आहत होकर कर्मचारियों ने ठेकेदार सत्यवान के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया। वहीं इस बारे में ठेकेदार से फोन पर संपर्क करना चाहा तो उनसे संपर्क नहीं हो सका।