शहर के तोशाम बाईपास दिनोद रोड के समीप वाहनों की चेकिंग के दौरान आरटीए कार्यालय की टीम पर हमला किया गया। हमलावर तीन गाड़ियों में सवार होकर आए थे, जिनकी संख्या 20 से 25 बताई जा रही है। वारदात रविवार अल सुबह पौने दो बजे की है। आरटीए कार्यालय के परिवहन निरीक्षक की शिकायत पर सिटी पुलिस ने 20-25 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
सिटी पुलिस थाने में दी शिकायत में सचिव प्रादेशिक परिवहन प्राधिकरण परिवहन निरीक्षक संजय ने बताया कि गत रविवार अल सुबह पौने दो बजे तोशाम बाईपास दिनोद रोड पर वाहन चेकिंग के दौरान तीन गाड़ियों में सवार होकर 20-25 लोग आए। आरोपियों ने आते ही टीम में शामिल उप निरीक्षक दीपक रोहिल्ला, आनंद कुमार, सतीश कुमार, ओमप्रकाश, सुबोध व सेवादार राहुल के साथ गाली गलौज करने लगे। आरोपियों ने उनकी सरकारी गाड़ी का रास्ता रोक लिया और फिर जान से मारने की धमकी देने लगे और उन पर हमला कर दिया। जिस वजह से सरकारी कार्य में बाधा पहुंची और उसके पैर में भी चोट लगी। आरोपी लाठी डंडे लिए हुए थे। टीम का रास्ता रोककर हमला करने के दौरान की वीडियो भी कर्मचारियों ने बनाई थी। आरोपी उन्हें वाहनों की चेकिंग करने पर धमकी दे रहे थे।
दरअसल, आरटीए की टीम ओवरलोडिंग वाहनों व कॉमर्शियल वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान यह घटना हुई। आरटीए टीम में शामिल कर्मचारियों के अनुसार दिनोद रोड तोशाम बाईपास हनुमान मंदिर के समीप उनकी सरकारी गाड़ी खड़ी थी। आरोपी करेटा व डस्टर गाड़ी सहित टाटा कंपनी की एक अन्य गाड़ी में सवार होकर आए थे। आरोपी टीम को धमकी देकर फरार हो गए। मामले की सूचना उच्चाधिकारियों को दी गई। इस संबंध में शिकायत सिटी पुलिस थाने में दी गई।
सिटी पुलिस थाना इंचार्ज हरिओम ने बताया कि पुलिस ने आरटीए कार्यालय के निरीक्षक संजय की शिकायत पर गाड़ी में सवार होकर आए अज्ञात लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है।