फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhiwani News: लड़खड़ाई रोडवेज की रफ्तार, गांवों की राह दुश्वार

Sun, 15 Nov 2026 01:48 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, भिवानी
विज्ञापन
​भिवानी रोडवेज कर्मशाला में ​घीसे हुए टायरों के लगे ढेर।
विज्ञापन
भिवानी। चरमराई रोडवेज की रफ्तार ने गांवों की राह दुश्वार कर दी है। घिसे टायरों, कंडम बसों और बसों की कमी के चलते भिवानी रोडवेज का परिवहन बेड़ा लगातार सिमटता जा रहा है। हालात यह हैं कि ग्रामीण रूटों पर सांझ ढलने से पहले ही बस सेवाएं थम जाती हैं वहीं लंबी दूरी के मार्गों पर भी बसों के पहिये बीच रास्ते जवाब दे रहे हैं।
विज्ञापन

करीब ढाई माह से रिसोलिंग टायरों की आपूर्ति नहीं हुई है। इसके चलते कर्मशाला में साढ़े पांच सौ घिसे टायरों का ढेर लग चुका है। वहीं 204 बसों के निर्धारित बेड़े के मुकाबले महज 156 बसें ही सड़कों पर दौड़ रही हैं। बसों की घटती संख्या का सीधा असर ग्रामीण परिवहन व्यवस्था पर पड़ रहा है और गांवों से शहर आने-जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
भिवानी डिपो के अंतर्गत करीब 71 ग्रामीण रूट आते हैं। इनमें कई वाया ग्रामीण मार्गों पर परिवहन समितियों की बसों को भी परमिट जारी किए गए हैं लेकिन यात्रियों का आरोप है कि ये बसें सुविधाएं देने के बजाय उनकी परेशानियां बढ़ा रही हैं। इन बसों में यात्रियों को सरकार की ओर से मिलने वाली सुविधाएं भी नहीं मिल पा रही हैं। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों से शहर में पढ़ने आने वाले विद्यार्थियों को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
विज्ञापन

बसों की कमी के चलते ग्रामीण रूटों पर निर्धारित समय-सारिणी भी प्रभावित हो रही है। तय दूरी पूरी करने के बाद घिस चुके टायरों को बसों से उतारकर कर्मशाला में रख दिया गया है। वहीं तकनीकी खराबी के कारण कई बसें जांच और मरम्मत के लिए खड़ी रहती हैं। इससे रूटों पर बसों की उपलब्धता और घट रही है। नतीजतन यात्रियों को घंटों बसों का इंतजार करना पड़ता है और कई बार उन्हें मजबूरी में निजी वाहनों या अन्य साधनों का सहारा लेना पड़ता है।

349 चालक और 343 परिचालक, 51 को मिली पदोन्नति
भिवानी डिपो में वर्तमान में 349 चालक और 343 परिचालक कार्यरत हैं। हाल ही में विभाग ने 51 परिचालकों को पदोन्नति देकर उपनिरीक्षक बना दिया है। फिलहाल इन कर्मचारियों को नया कार्यभार नहीं सौंपा गया है। पदोन्नत परिचालकों के उपनिरीक्षक का कार्यभार संभालने के बाद डिपो में 292 परिचालक ही शेष रह जाएंगे। ऐसे में 156 बसों के नियमित संचालन के लिए परिचालकों की उपलब्धता भी नई चुनौती बन सकती है। हालांकि विभाग पदोन्नत कर्मचारियों की जगह अन्य कर्मचारियों को रूटों पर उतारने की तैयारी कर चुका है।


ग्रामीण रूटों पर यात्रियों की जान जोखिम में
ग्रामीण रूटों पर चलने वाली बसों में सुविधाएं कम और यात्रियों की संख्या अधिक होती है। घिसे टायरों के कारण कभी भी हादसा होने का खतरा बना रहता है। ग्रामीण मार्गों पर अधिकतर पुरानी बसें ही चलाई जाती हैं जबकि नई बसों को लंबी दूरी के रूटों पर भेज दिया जाता है। ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को देर शाम घर लौटने के लिए बस तक उपलब्ध नहीं होती। - अजय कुमार


ग्रामीण रूटों पर दिन में भी मिले बस सेवा
गांवों को शहर से जोड़ने वाली सड़कें तो बेहतर हो गई हैं लेकिन परिवहन सेवाओं की स्थिति अब भी बदहाल है। ग्रामीण रूटों पर सुबह और शाम के अलावा दिन के समय भी बस सेवा उपलब्ध कराई जानी चाहिए। कई मार्गों पर केवल एक ही बस चलती है। यात्रियों की संख्या और जरूरत के अनुसार ग्रामीण रूटों पर बसों की संख्या बढ़ाई जानी चाहिए ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो। -नसीब


तीन से चार घंटे करना पड़ता है बसों का इंतजार
वाया ग्रामीण रूटों पर रोडवेज बसों की स्थिति बेहद खराब है। सरकारी रैली या कार्यक्रम होने पर इन मार्गों पर बस सेवा बंद कर दी जाती है। सामान्य दिनों में भी यात्रियों को बसों के लिए तीन से चार घंटे तक इंतजार करना पड़ता है। ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में काफी परेशानी होती है। रोडवेज विभाग को इन मार्गों पर परिवहन सेवाएं बेहतर करने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। - मनीष कुमार


बसों के पायदान पर लटककर सफर करने को मजबूर विद्यार्थी
ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में विद्यार्थी शहर की शिक्षण संस्थाओं में पढ़ने के लिए आते हैं। बसों में पर्याप्त जगह नहीं मिलने के कारण उन्हें पायदान पर खड़े होकर सफर करना पड़ता है। निर्धारित शुल्क जमा कराने पर रोडवेज की ओर से बस पास की सुविधा भी दी जाती है लेकिन इसके बावजूद विद्यार्थियों का सफर जोखिम भरा बना हुआ है। कई बार छात्राओं को भी पायदान पर लटककर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ता है। - राहुल



विभाग को बेहतर परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराने की योजनाएं बनानी चाहिए, न कि निजीकरण की दिशा में कदम बढ़ाने चाहिए। जब डिपो में निर्धारित संख्या के अनुसार बसें ही उपलब्ध नहीं हैं तो ग्रामीण रूटों पर बेहतर सुविधाएं कैसे मिलेंगी। नरेंद्र दिनोद, राज्य प्रधान, हरियाणा रोडवेज वर्कर यूनियन


रोडवेज में जल्द ही रिसोलिंग टायरों की व्यवस्था हो जाएगी। ग्रामीण रूटों पर पर्याप्त बस सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। किसी मार्ग पर बस में तकनीकी खराबी आने पर उसकी जगह दूसरी बस भेजी जाती है। ग्रामीण क्षेत्रों में जहां भी बसों की मांग आ रही है वहां पर्याप्त व्यवस्था की जा रही है। - दीपक कुंडू, महाप्रबंधक, भिवानी डिपो
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें