भगत सिंह चौक से महम रोड को जाने वाली टूटी सड़क से गुजरते वाहन। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : Bhiwani
शहर के हांसी रोड सेक्टर 13 मोड़ से लेकर सेक्टर 23 चौक होते हुए महम रोड की तरफ जाने वाली सड़क का पिछले पांच माह से निर्माण अधर में लटका हुआ है। बुधवार सुबह उखाड़ी गई सड़क पर संतुलन बिगड़ने से कर दो स्कूटी सवार महिलाएं गिर पड़ी। जिससे आक्रोशित होकर स्थानीय लोगों ने सेक्टर 23 चौक पर जाम लगा दिया। सेक्टर 23 चौक पर जाम लगने से महम रोड की तरफ जाने वाले मार्ग पर वाहनों का भी जाम लगा। लोगों ने नारेबाजी कर रोष जताया। करीब आधे घंटे तक रोड जाम करने के बाद लोगों ने चेतावनी दी कि जल्द निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो फिर से मार्ग जाम किया जाएगा। वहीं अधिकारियों का कहना है कि मौसम साफ होने के बाद सड़क निर्माण करवाया जाएगा।
बुधवार सुबह करीब साढ़े दस बजे सेक्टर 23 चौक पर स्थानीय दुकानदारों ने जाम लगा दिया। जाम में डटे रेजिडेंसियल वेलफेयर एसोसिएशन सेक्टर 23 के प्रधान महेंद्र सिंह श्योराण, कंवर सिंह, सुधीर लांबा, महेंद्र सिंह सहित दुकानदारों ने बताया कि सितंबर माह में हांसी रोड से लेकर महम रोड तक जाने वाली करीब डेढ़ से दो किलोमीटर लंबी सड़क को उखाड़ दिया गया। लेकिन इस सड़क को उखाड़ने के बाद अधर में ऐसे ही छोड़ दिया। जिससे की इस असंतुलित सड़क पर रोजाना ही दुपहिया वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर चोटिल हो रहे हैं। जबकि इस सड़क पर रोजाना ही भारी वाहनों का आवागमन भी होता हैं, जिनकी चपेट में छोटे वाहन चालकों के आने की आशंका भी रहती है। महेंद्र सिंह श्योराण ने बताया कि बुधवार सुबह दो अलग अलग स्कूटी सवार दो महिलाएं इस सड़क पर अपना संतुलन खोकर गिर गई। जिस वजह से उन्हें काफी चोटें भी आई हैं। इस तरह के हादसे रोजाना ही यहां हो रहे हैं। मगर फिर भी जिला प्रशासन और नगर परिषद इस सड़क को उखाड़कर अधर में ऐसे ही छोड़ लोगों की जानमाल से भी खिलवाड़ कर रही है। चुनावों से पहले उखाड़ी गई सड़क पर अब तक निर्माण शुरू नहीं किया गया है। इस सड़क पर सेक्टर 13 व 23 के अलावा हांसी रोड से महम रोड की तरफ आने जाने वालों का मुख्य रास्ता है। सड़क निर्माण अधर में लटकाने से आक्रोशित लोगों ने आरोप लगाया कि वे अब तक इस मामले में डीसी से लेकर संबंधित अधिकारियों से भी मिल चुके हैं, मगर समस्या का कोई समाधान नहीं हुआ है। वहीं स्थानीय दुकानदार भी सड़क उखाड़े जाने से खासे परेशान हैं। उनका कहना है कि सडक़ उखाड़े जाने से तो उनका कामधंधा ही चौपट हो चुका है। लोगों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही इस सड़क का निर्माण शुरू नहीं कराया गया तो वे फिर से सड़क जाम कर आंदोलन करेंगे। करीब आधा घंटा तक सेक्टर 23 चौक पर सड़क पर लोगों द्वारा जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किए जाने से सैकड़ों वाहन भी जाम में फंसे। बाद में प्रशासन को अल्टीमेटम देकर लोगों ने जाम खोला।
पहले तो एनजीटी द्वारा काम पर रोक लगाई गई थी और अब मौसम खराब व तापमान काफी गिरने की वजह से फिलहाल काम बंद है। 15 फरवरी के बाद सड़क निर्माण का काम शुरू किया जाएगा। इसके लिए पूरी तैयारी की गई है। सड़क निर्माण के बाद तीन साल तक इस सड़क की वारंटी भी निर्माण एजेंसी द्वारा निर्धारित की गई है।
- सुरेंद्र सांगवान, म्यूनिसिपल इंजीनियर नगर परिषद भिवानी।
सड़क निर्माण की मांग को लेकर जाम लगाकर प्रशासन के खिलाफ रोष व्यक्त करते क्षेत्रवासी। संवाद न्यू?- फोटो : Bhiwani