बहल। सड़क पार कर रहे बच्चे को बाइक चालक ने टक्कर मार दी। जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन बच्चो को गंभीर हालत में इलाज के लिए हिसार ले जा रहे थे लेकिन उसने बीच रास्ते ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर बाइक चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में बहल निवासी विक्रम ने बताया कि उसका लड़का नितेश (11) मंगलवार शाम करीब साढ़े सात बजे भिवानी रोड पर लोकेश धर्मकांटा के पास बनी टंकी से पानी लाने गया था। जब वह पानी लेकर वापस आ रहा था तो सड़क पार करते समय भिवानी की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार बाइक चालक ने उसे सीधी टक्कर मार दी। जिससे वह सड़क पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। जब उन्होंने बाइक चालक से पूछताछ की तो उसने अपना नाम बिटूराम गांव माजरा ढाणी जिला फतेहाबाद बताया। इसके बाद वह अपने बेटे को संभालने लगा तो बाइक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर नामजद आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया और मृतक का लोहारू में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।