बवानीखेड़ा बस स्टैंड पर जांच करती सीआईए द्वितीय टीम। संवाद
- फोटो : Bhiwani
बवानीखेड़ा। बवानीखेड़ा बस स्टैंड से दिनदहाड़े छह साल के बच्चे का अपहरण कर लिया गया। बच्चे का अपहरण एक महिला ने खाने की चीजें दिलाने के बहाने किया। बच्चे को खाने की चीज दिलाने के बहाने लेकर गई महिला काफी समय तक नहीं लौटी तो परिजनों ने तलाश शुरू की। सीसीटीवी खंगाला तो महिला अपने दो साथियों के साथ उसे कार में बैठा हांसी की ओर ले जाती नजर आई। वहीं अपहरण की सूचना से पुलिस में भी हड़कंप मच गया। बवानीखेड़ा पुलिस के अलावा डीएसपी बवानीखेड़ा पहुंचे। सीआईए प्रथम और द्वितीय टीम भी बच्चे की तलाश में जुटी हैं। पुलिस ने बच्चे के अपहरण का केस दर्ज कर लिया है।
गांव भैणी कुंगड़ वासी विनोद के छह वर्षीय बेटे आर्यन का अपहरण किया गया। आर्यन सुबह अपनी दादी सुंदर देवी के साथ देवसर गांव में माता मंदिर गया था। दोपहर में लौटते समय वे बवानीखेड़ा पहुंचे। करीब तीन बजे वे बवानीखेड़ा बस स्टैंड पर गांव जाने के लिए बस का इंतजार कर रहे थे। गांव भैणी कुंगड़ निवासी विनोद ने बताया कि उसकी मां सुंदर देवी अपने पौत्र आर्यन के साथ मंगलवार दोपहर करीब सवा दो बजे कस्बा बवानीखेड़ा के बस स्टैंड पर पहुंची थीं। जहां वे गांव भैणी जाने के लिए बस का इंतजार कर थे। विनोद ने बताया कि आर्यन ने अपनी दादी से खाने की चीज मांगी। दो बार तो दादी बस स्टैंड परिसर के बाहर से चीज दिलाकर लाई। थोड़ी देर बाद आर्यन ने दोबारा खाने की चीज मांगी। आर्यन की दादी बुजुर्ग होने के चलते बार-बार बस स्टैंड परिसर से बाहर जाने में परेशानी महसूस कर रही थी। इसी दौरान उनके पास बैठी गुलाबी रंग का सूट पहने एक महिला ने आर्यन की दादी से कहा कि आप बुजुर्ग हो यहीं बैठे रहो मैं आर्यन को बाहर से खाने की चीजें दिलवा लाती हूं। आर्यन उस महिला के साथ चला गया। काफी समय तक वे नहीं लौटे तो दादी सुंदर देवी उन्हें तलाशने गई मगर वे नहीं मिले। जिसके बाद परिजनों और गांव के लोगों को सूचित किया। पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने सीसीटीवी खंगाला तो देखा कि बस स्टैंड परिसर से बाहर दो युवक एक कार में बैठे थे। महिला इस कार में आर्यन को लेकर बैठ गई और तीनों हांसी की ओर फरार हो गए। पुलिस आसपास के सीसीटीवी खंगाल रही है। हांसी रोड के सभी सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं।
बयान ---
गांव भैणी कुंगड़ के एक बच्चे का अपहरण होने की सूचना मिली। इस सूचना के आधार पर पुलिस की आठ टीमें अलग-अलग स्थानों पर आर्यन की तलाश में लगी है। अभी तक बच्चे का सुराग नहीं लगा है। मामले की पूरी जांच की जाएगी। फिलहाल प्राथमिकता आर्यन को सही-सलामत बरामद करने की है।
- रवींद्र कुमार, बवानीखेड़ा थाना प्रभारी
आर्यन।- फोटो : Bhiwani