भिवानी। बिजली मंत्री चौ. रणजीत सिंह चौटाला ने कहा कि किसान और पशुपालक अपनी कड़ी मेहनत से अन्न पैदा करते हैं। इनकी मेहनत का कोई मुकाबला नहीं है। किसान व पशुपालकों को भी सर्वश्रेष्ठ स्थान मिलने पर खिलाड़ियों की तरह भारी राशि इनाम के रूप में मिलनी चाहिए। इसके लिए वे कृषि मंत्री जेपी दलाल के साथ मिलकर मुख्यमंत्री मनोहर लाल से सिफारिश करेंगे।
बिजली मंत्री ने कहा कि किसान का दर्जा सबसे ऊंचा इसलिए है कि कुछ दिन अन्न शरीर में नहीं जाने से आदमी का शरीर जवाब देने लगता है और यही जीवन का अंतिम ज्ञान है।
राज्य स्तरीय पशु मेले में पहुंचे बिजली मंत्री रणजीत सिंह चौटाला ने पशु मेले का अवलोकन किया। चौटाला ने कहा कि पूरी दुनिया की बात की जाए सबसे अधिक आबादी भारत में खेती करती है। किसान और पशुपालक की आय को बढ़ाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि युवाओं को खेती की नई तकनीक को अपनाना होगा, नई तकनीक को अपनाकर करोड़पति बन सकते हैं। उन्होंने कृषि मंत्री दलाल को अगले साल सिरसा में राज्य स्तरीय पशु मेले का आयोजन करने का निमंत्रण दिया।
कृषि मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि पशुपालकों की आय को बढ़ाने व उनको खेती व पशुपालन की नई-नई जानकारी देने के मकसद के चलते ही राज्य स्तरीय पशु मेले का आयोजन किया गया है। उनका प्रयास है कि खेती को जोखिम मुक्त किया जाए। किसान की आय को बढ़ाया जाए। उन्होंने कहा कि किसान को साहूकार के चंगुल से निकाला जाएगा।
इस अवसर पर पशुपालन विभाग के आयुक्त एवं सचिव पंकज अग्रवाल, गढवासू यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ. इंद्रजीत, लुवास के कुलपति डॉ. विनोद वर्मा, उपायुक्त आरएस ढिल्लो, एडीसी राहुल नरवाल, निदेशक डॉ. विरेंद्र लोरा, पशुधन विकास बोर्ड के एमडी डॉ. एसके बागोरिया, एसडीएम भिवानी महेश कुमार, एसडीएम सिवानी संदीप अग्रवाल, एसडीएम मनीष फौगाट, एसडीएम लोहारू जगदीश चंद्र, उपनिदेशक डॉ. सुखदेव राठी, डॉ. तजेंद्र राणा, डॉ. समुद्र सिंह, डॉ. विरेंद्र राठी, डॉ. विनोद श्योराण, डॉ. विरेंद्र भालोठिया, निजी सचिव जेपी दूबे सहित अनेक पशु विशेषज्ञ व हजारों पशुपालक व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
कृषि मंत्री जेपी दलाल ने पशु मेले में किया मेरी पॉलिसी - मेरे हाथ योजना का शुभारंभ
भिवानी। राज्य स्तरीय पशु मेले के दौरान कृषि मंत्री जेपी दलाल ने मेरी पॉलिस-मेरे हाथ योजना का शुभारंभ किया। इस दौरान कृषि मंत्री वीसी के माध्यम से प्रदेश भर के सभी जिलों के कृषि अधिकारियों के साथ जुड़े और अपना संदेश व जरूरी निर्देश दिए। इस दौरान कृषि विभाग एसीएस सुमिता मिश्रा व निदेशक हरदीप सिंह भी वीसी के साथ जुड़े। कृषि मंत्री दलाल ने जिले के 15 किसानों को फसल बीमा योजना की पॉलिसी प्रदान की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 78 लाख से अधिक किसानों को इस योजना का लाभ मिला है। फसल बीमा करवाने वाले सभी किसानों को यह पॉलिसी वितरित की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य किसानों को आत्मनिर्भर बनाना व उनकी आय को बढ़ाना है।