भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने जुलाई-2025 में कराई गई सीनियर सेकेंडरी (शैक्षिक) कंपार्टमेंट परीक्षा का परिणाम सोमवार को घोषित कर दिया है। इस परीक्षा में 71.90 फीसदी परीक्षार्थी पास हुए हैं। यह परिणाम बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर जारी कर दिया गया है।
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार, उपाध्यक्ष सतीश कुमार एवं सचिव डॉ मुनीश नागपाल ने बताया कि सीनियर सेकेंडरी की परीक्षा में 16300 परीक्षार्थी शामिल हुए थे। यह परीक्षा प्रदेशभर के 65 केंद्रों पर चार जुलाई को कराई गई थी। उन्होंने बताया कि इस परीक्षा में 11,719 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए तथा 4,422 परीक्षार्थियों की कंपार्टमेंट रही है। इनकी पास प्रतिशतता 71.54 रही। उन्होंने बताया कि परीक्षार्थी अपनी उत्तरपुस्तिका की पुन: जांच, पुनर्मूल्यांकन के लिए निर्धारित शुल्क सहित परिणाम घोषित होने की तिथि से 20 दिन तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। संवाद