भिवानी। रोहतक मंडल के आयुक्त एवं जिला भिवानी के रोल ऑब्जर्वर संजीव वर्मा ने कहा कि फोटोयुक्त मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि न रहे। चुनाव को पारदर्शी ढंग से संपन्न होना मतदाता सूची पर ही निर्भर करता है। मृत व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से हटना चाहिए, इसके लिए बीएलओ को ध्यान देना होता है। जो भी नए वोट के लिए आवेदन हुए हैं, उन सभी लोगों के वोट बनाएं जाएं ताकि कोई व्यक्ति मताधिकार से वंचित न रहे।
मंडलायुक्त संजीव वर्मा मंगलवार को लघु सचिवालय स्थित डीसी कार्यालय में मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य को लेकर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दे रहे थे। बैठक में उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी एवं महावीर कौशिक, एडीसी एवं बवानीखेड़ा विधानसभा क्षेत्र के आरओ हर्षित कुमार, नगराधीश एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विपिन कुमार, तोशाम से एसडीएम एवं आरओ अशवीर नैन, लोहारू एसडीएम एवं आरओ मनोज दलाल और चुनाव उप तहसीलदार विनोद कुमार के अलावा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिला में मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग के हिदायतों के अनुरूप ही लोगों से दावे एवं आपत्तियां मांगी गई हैं, जिनका निपटान किया जा रहा है। हिदायतों के अनुसार मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 27 अगस्त को कर दिया जाएगा। मंडलायुक्त संजीव वर्मा ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी बात की और चुनाव को पारदर्शी एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न करवाने के लिए सुझाव मांगे, जिस पर मंडलायुक्त के कहा कि चुनाव बिल्कुल पारदर्शी व निष्पक्ष ढंग से करवाया जाएगा।
उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने-अपने चुनावी एजेंटों की सूची उपलब्ध करवाने की अपील की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि चुनाव पारदर्शी ढंग से संपन्न होने के साथ-साथ लगने के साथ-साथ नजर भी आना चाहिए। इसके लिए आदर्श चुनाव आचार संहिता की पालना सुनिश्चित करें। यदि कहीं से आदर्श चुनाव आचार संहिता की उल्लंघन की सूचना मिलती है तो उस पर तुरंत प्रभाव से कार्रवाई की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार बूथों की चेकिंग करें और उसकी रिपोर्ट भिजवाना सुनिश्चित करें। चुनाव आयोग के निर्देशों की हर हाल में पालना हो।