मेडिकल कॉलेज में हड्डी रोग विशेषज्ञ कक्ष के बाहर लगी मरीजों की भीड़।
भिवानी। शहर में पुरानी बिल्डिंग नागरिक अस्पताल में तथा नई व्यवस्था पंडित नेकीराम शर्मा राजकीय मेडिकल कॉलेज में होने के कारण हड्डी रोगियों को इलाज के दौरान भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ओपीडी और एक्सरे की सुविधाएं अलग-अलग स्थानों पर होने से मरीजों को लगातार इधर-उधर भटकना पड़ रहा है जिससे उनकी तकलीफ और बढ़ गई है।
मेडिकल कॉलेज के ओपीडी विभाग में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। हड्डी रोग विशेषज्ञ के पास प्रतिदिन औसतन 350 मरीज जांच के लिए पहुंच रहे हैं जबकि एक्सरे केंद्र पर लगभग 300 मरीज रोजाना आ रहे हैं। ओपीडी कक्ष के बाहर बैठने की व्यवस्था तो है लेकिन एक्सरे केंद्र के बाहर मरीजों को कुर्सियां कम होने के कारण खड़े होकर इंतजार करना पड़ता है। इससे दर्द से परेशान मरीजों की स्थिति और खराब हो जाती है। यहां बदन दर्द, सर्वाइकल, चोट और घुटनों के दर्द के मरीज अधिक संख्या में पहुंच रहे हैं।
अस्पताल प्रशासन ने भीड़ को देखते हुए दो चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई है इसके बावजूद सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक मरीजों की भीड़ लगातार बनी रहती है। मरीज जगबीर, रामस्वरूप और गिरीश कुमार ने बताया कि उन्हें जांच के लिए नई और पुरानी बिल्डिंग के बीच बार-बार चक्कर लगाने पड़ते हैं। पहले डॉक्टर नई बिल्डिंग में दिखाते हैं फिर एक्सरे के लिए पुरानी बिल्डिंग जाना पड़ता है और बाद में रिपोर्ट दिखाने के लिए दोबारा डॉक्टर के पास लौटना पड़ता है। इससे विशेषकर बुजुर्ग मरीजों को भारी परेशानी होती है। उन्होंने मांग की कि सभी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध करवाई जाएं ताकि मरीजों को बार-बार भटकना न पड़े।
इस बारे में नागरिक अस्पताल प्रभारी डॉ. बलवान सिंह ने कहा कि एक्सरे केंद्र के बाहर कुर्सियां लगी हुई हैं। अभी तक इस तरह की कोई शिकायत नहीं मिली है लेकिन मरीजों की संख्या को देखते हुए अतिरिक्त बैठने की व्यवस्था करवा दी जाएगी।