भिवानी। शनिवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहे, जिससे जबरदस्त उमस बनी। वहीं शाम को अचानक बारिश हुई तो लोगों को राहत मिली। बारिश के बाद शहर की सड़कों पर कीचड़ फैल गया। आसपास के ग्रामीण इलाकों में बारिश के बाद किसानों के चेहरे भी खिले।
किसान बारिश के बाद फसल बिजाई की बाट देख रहे थे। मानसून की दस्तक के बाद शनिवार को पहली बार बारिश हुई है। बारिश के दौरान कई जगह चैनल अवरुद्ध होने से सड़कों पर पानी जमा हुआ, मगर उसकी घंटे भर बाद निकासी भी करा दी गई।
मानसून की दस्तक के साथ ही जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग और नगर परिषद संभावित जगहों पर बरसाती पानी की निकासी के लिए व्यवस्था कराने में जुटे हैं। ऐसे में अब भी कई जगह ऐसी हैं, जहां थोड़ी बारिश में ही पानी जमा हो जाता है।
मौसम विशेषज्ञों की मानें तो इस समय किसान खरीफ फसल की बिजाई के लिए बारिश का इंतजार कर रहे हैं। अगर किसानों के खेतों में 20 से 25 एमएम बारिश हुई तो किसान बिजाई शुरू कर सकते हैं। इससे बिजाई के लिए भूमि में पर्याप्त नमी रहने की संभावना है।
भिवानी जिले में करीब साढ़े सात लाख एकड़ भूमि पर खरीफ सीजन में बिजाई की जाएगी। इसमें अधिकतर किसान कपास, बाजरा के अलावा सीजन की फसल बीजाई करेंगे। हालांकि निचले इलाकों में किसान धान की रोपाई भी करते हैं। इस बार जलभराव के हालात कम ही बनेंगे। इसकी वजह से धान के लिए किसानों को अलग से पानी का प्रबंध करना पड़ेगा।