भिवानी। गर्मियों की छुट्टियों के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे ने विभिन्न ट्रेनों में अलग-अलग श्रेणियों के डिब्बों की अस्थायी बढ़ोतरी की है। इससे अवकाश के दौरान यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि गाड़ी संख्या 04717/04718 हिसार-तिरूपति-हिसार स्पेशल ट्रेन में हिसार से 6 जून से 27 जून तक तथा तिरूपति से 8 जून से 29 जून तक एक थर्ड एसी श्रेणी के डिब्बे की अस्थायी बढ़ोतरी की जा रही है।
इसके अलावा गाड़ी संख्या 14795/14796 भिवानी-कालका-भिवानी ट्रेन में 30 जून तक तीन द्वितीय साधारण श्रेणी के डिब्बों की अस्थायी बढ़ोतरी की गई है। गाड़ी संख्या 14705/14706 भिवानी-ढेहर का बालाजी-भिवानी ट्रेन में एक जुलाई तक तीन द्वितीय साधारण श्रेणी के डिब्बों की अस्थायी बढ़ोतरी की गई है। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 14725/14726 भिवानी-मथुरा-भिवानी ट्रेन में भिवानी से 2 जुलाई तक तथा मथुरा से 4 जून से 3 जुलाई तक तीन द्वितीय साधारण श्रेणी के डिब्बों की अस्थायी बढ़ोतरी की गई है।