एक महिला को शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म करने, जान से मारने की धमकी देने और आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने का मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
महिला पुलिस थाना में एक महिला ने 23 जून को शिकायत दी थी कि सोनीपत निवासी अमित से उसकी किसी कार्य के सिलसिले में जान पहचान हो गई थी। अमित उसे शादी का झांसा देकर उसका यौन शोषण करता रहा। कुछ समय बाद महिला को मालूम हुआ कि आरोपी अमित पहले से ही शादीशुदा है। जिस पर महिला ने अमित से बोलचाल बंद कर दी। जिस पर आरोपी अमित ने उसे फोन पर जान से मारने की धमकी दी। आरोपी ने पीड़िता को बदनाम करने की नीयत से उसकी आपत्तिजनक वीडियो बनाई व सोशल मीडिया पर डाल दिया। इस संबंध में महिला पुलिस थाना में विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया था।
मामले में एएसपी वरुण सिंगला ने आरोपी अमित को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेजा गया। वहीं पीड़िता की वीडियो को सोशल मीडिया पर डालने के आरोपी दो अन्य युवकों को भी गिरफ्तार किया गया। जिसकी पहचान भिवानी निवासी सोमबीर व सोहना निवासी देशराज के रूप में की गई है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि महिला की वीडियो को सोशल अकाउंट पर डाला गया था। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।