कैरू। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से कैरू स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में खंड स्तरीय महिला खेलकूद प्रतियोगिता करवाई गई। तोशाम एसडीएम मनोज कुमार दलाल ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया व विजेताओं को सम्मानित किया।
मटका दौड़ में सबसे तेज दौड़कर गोलागढ़ से राजवंती विजेता बनी जबकि धारवानवास से कमलेश दूसरे व बाबरवास की शीला तीसरे नंबर पर रही। आलू चम्मच रेस में बाबरवास की कमला प्रथम, धारवानवास की सुशीला दूसरे व जूई बिचली से प्रवीण तृतीय स्थान पर रही।
एसडीएम मनोज कुमार दलाल ने महिलाओं को परिवार व समाज की रीढ़ बताया। उन्होंने उपस्थित महिलाओं को सकारात्मक सोच व विश्वास से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। एसडीएम ने महिलाओं से अपने अंदर छिपी प्रतिभा को पहचानने व निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रयासरत रहने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि महिलाओं में प्रतिभा की कमी नहीं है। ऐसे आयोजनों से महिलाओं की प्रतिभाओं को निखारने का अवसर प्राप्त होता है।
सीडीपीओ लाजवंती ने कहा कि विभाग का हमेशा यह प्रयास रहता है कि घरेलू महिलाएं घर से बाहर आकर सामाजिक तौर पर होने वाली विभिन्न गतिविधियों से जुड़ें। खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन ऐसा मंच है, जिस पर आकर महिलाएं अपनी प्रतिभा सामने ला सकती हैं। महिला एवं बाल विकास विभाग की सीडीपीओ लाजवंती ने बताया कि प्रतियोगिता में खंड कैरू के अंतर्गत आने वाले गांवों की महिलाओं ने हिस्सा लिया। एक दिवसीय प्रतियोगिता में 18 से 30 वर्ष और 30 वर्ष से अधिक आयु वर्गों में अलग-अलग खेलों के मुकाबले हुए। इस मौके पर विभाग से सुपरवाइजर नीलम, सहायक बाबूलाल सोनी, पूनम कुमारी, प्रीतम गोलागढ़, सचिन शर्मा, डीपी राजेश धारवानबास उपस्थित रहे।
100 मीटर दौड़ में धारवानवास की रेखा विजेता
100 मीटर दौड़ में धारवानवास से रेखा प्रथम, ढाब ढाणी से सीमा दूसरे व जूई कलां से प्रमिला ने तृतीय स्थान पाया। 300 मीटर दौड़ में टीटानी से पूजा प्रथम व बाबरवास से आरती द्वितीय स्थान पर रही। 400 मीटर दौड़ में जूई कलां से निशा प्रथम, लेघा से सीमा दूसरे व चंदावास से पूनम तीसरे स्थान पर रही। साइकिल रेस में जूई खुर्द से सोनू पहले, लोहानी से प्रीति द्वितीय व मनसरवास से सुनैना तृतीय स्थान पर रही। खंड स्तर पर विजेता प्रतिभागी जिला स्तर की प्रतियोगिता में हुनर दिखाएंगी।