राजस्थान में 25 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर हरियाणा के सीमांत इलाकों में पुलिस की मुस्तैदी बढ़ गई है। भिवानी जिला पुलिस ने दस स्पेशल पुलिस नाके लगाकर सीमांत इलाकों को सील कर दिया है। जहां पर हर आने-जाने वालों की हर गतिविधि पर बारीकी से नजर रखी जा रही है। खास तौर पर बहल क्षेत्र के सुधीवास व नांगल नाकों पर पुलिस और सुरक्षा बल बढ़ाने के अलावा सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है।
पुलिस ने इसके अलावा कस्बे में दिन व रात की पुलिस गश्त को बढ़ा दिया है। बहल क्षेत्र से राजस्थान की ओर जाने वाले वाहनों की चेकिंग की जा रही है। किसी भी संदिग्ध वाहन को पूरी जांच पड़ताल के बाद ही राजस्थान की ओर जाने दिया जा रहा है। पुलिस का प्रयास है कि हरियाणा से राजस्थान चुनावों को प्रभावित करने के लिए किसी प्रकार से अवैध शराब व पैसे का आदान-प्रदान न हो सके। पुलिस ने बहल से निकलने वाले नांगल व सुधीवास नाकों पर पुलिस बल में बढ़ोतरी की है, ताकि किसी प्रकार की अवांछित गतिविधि न हो सके। इसके अलावा बहल से राजस्थान को जाने वाले कच्चे रास्ते (बालाण, भोजाण) पर खास नजर रखे हुए है। थाना प्रभारी सुमित कुमार ने बताया कि पुलिस राजस्थान चुनावों को लेकर पूरी गंभीरता बरते हुए है।
ये लगाए हैं सीमांत इलाकों में पु़लिस ने दस नाके
स्थान- पुलिस नाका
1. सिवानी- झूंपाकलां नाका
2. सिवानी- ढाणी सिलावाली पुलिस नाका
3. सिवानी- गरवा चौक पुलिस नाका
4. सिवानी- गुरेरा टी प्वाइंट पुलिस नाका
5. सिवानी- नलाेई पुलिस नाका
6. बहल- सुधीवास राजगढ़ मार्ग पुलिस नाका
7. बहल- नांगल टी प्वाइंट पुलिस नाका
8. लोहारू- पिलानी रोड पर लोहारू गोशाला के सामने पुलिस नाका
9. लोहारू- सूरजगढ़ रोड ढाणी रहीमपुर के पास पुलिस नाका
10. लोहारू- दमकौरा गांव में पुलिस नाका
राजस्थान चुनावों के मद्देनजर सीमांत इलाकों में स्पेशल पुलिस नाके लगाए गए हैं। नाकों पर पुलिस की संयुक्त टीमें निगरानी कर रही हैं। नाकों पर तैनात हरियाणा पुलिस राजस्थान पुलिस से भी लगातार संपर्क बनाए हुए हैं। वहीं नाकों पर संदिग्ध गतिविधि पर बारीकी से निगरानी की जा रही है। चुनाव में मतदान को लेकर सीमांत इलाकों में शराब ठेकों को खोलने पर भी पाबंदी रहेगी।
-वरुण सिंगला, पुलिस अधीक्षक, भिवानी।