लोहारू। गांव गिगनाऊ स्थित अर्ध-शुष्क बागवानी उत्कृष्टता केंद्र में 25 व 26 नवंबर को आयोजित होने वाले प्रदेशस्तरीय बागवानी मेले की तैयारियों की वीरवार को कृषि मंत्री जेपी दलाल ने जायजा लिया। उन्होंने मेले को लेकर बागवानी व कृषि विभाग के अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि यह मेला किसानों की आय को बढ़ाने में मील का पत्थर साबित होगा। मेले के माध्यम से किसानों को बागवानी व फसल विविधिकरण की नवीन जानकारियां मिलेंगी।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि सब्जी की पांच लाख पौधों में से 75 प्रतिशत किसानों को दिए जाएंगे। इसके साथ ही दो हजार अमरूद व सफेदा के पौधे 100 रुपये प्रति पौधे के हिसाब से दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मेले में इस क्षेत्र के लिए उपयुक्त खजूर की खेती के बारे में प्रोत्साहित किया जाएगा। गुण नियंत्रण संयुक्त निदेशक डाॅ. मनजीत नैन ने भी मेले के दौरान मोटे अनाज से संबंधित तैयारियों का जायजा लिया। मोटे अनाज में ज्वार, बाजरा, कुटकी इत्यादि शामिल हैं। इस मेले में मोटे अनाज जैसे कि बाजरा रागी इत्यादि से बनने वाले उत्पादों के बारे में जैसे कि बाजरे से बिस्कुट एवं लड्डू बनाने की विधि तथा उनकी गुणवत्ता के बारे और मोटे अनाजों से होने वाले फायदे के बारे में किसानों को विस्तृत जानकारी दी जाएगी। उधर डॉ. मनजीत नैन व डीडीए डॉ. विनोद कुमार फौगाट ने इफको सेंटर ढिगावा का भी निरीक्षण किया। इस दौरान मंडल अध्यक्ष कैप्टन रामफल, अरुण खरकड़ी, बलवंत गोठड़ा, राजबीर दलाल, जेपी दूबे, सोमबीर सहित अनेक अधिकारी मौजूद थे।
ये होंगे मेले के मुख्य आकर्षण
मेले में कृषि मंत्री जेपी दलाल मुख्यातिथि होंगे। वहीं मेले के दौरान कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के एसीएस सुधीर राजपाल और उद्यान विभाग के महानिदेशक डॉ. अर्जुन सैनी भी मेले में मौजूद रहेंगे। मेले में इफको द्वारा ड्रोन प्रदर्शनी, नैनो यूरिया, नैनो डीएपी का प्रदर्शन भी किया जाएगा। मेले में कृषि, बागवानी की खेती के लिए आधुनिक तकनीक व उपकरणों के प्रदर्शन के लिए विभिन्न विभागों व कंपनियों द्वारा 60 स्टॉल लगाई जाएंगी।