भिवानी। रेल अंडरपास महापंचायत जीतुवाला की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी सदस्यों की बैठक प्रधान लाला पहलवान की अध्यक्षता में सोमवार को दिनोद रोड स्थित श्याम बाग में हुई। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने कहा कि सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह, विधायक घनश्याम सर्राफ ने 24 सितंबर को धरना-प्रदर्शन कर रहे लोगों को दिनोद रोड एवं गलियां बनवाने, जीतू वाला छोर पर ओवरब्रिज निर्माण कार्य बाधा बनी सीवरेज लाइन शिफ्टिंग सहित सभी काम विधानसभा चुनाव आचार संहिता हटते ही तुरंत शुरू कर दिए जाएंगे।
बैठक में बताया गया है चुनाव संपन्न होने के बाद 10 अक्टूबर को आचार संहिता हट गई और 15 दिन बीतने के बाद भी कोई भी काम शुरू नहीं हुआ है। महापंचायत संबंधित अधिकारियों के संज्ञान ला रही है कि यदि 15 नवंबर तक काम शुरू नहीं हुए तो लाइन पार क्षेत्रवासी महापंचायत के नेतृत्व में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात करेंगे और पुल निर्माण कार्य लटकाने भटकाने वाले अधिकारियों कि शिकायत दर्ज कर जांच करवाने कि मांग करेंगे।
बैठक की कार्रवाई की जानकारी देते हुए महापंचायत मीडिया प्रभारी ठाकुर कृष्ण सिंह परमार ने बताया कि गत दिवस रामौतार योगी रिटायर्ड एसडीओ कि अध्यक्षता में हुई महापंचायत कि वार्षिक आम सभा की बैठक में सर्वसम्मति से वर्ष 2024-25 के लिए नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। दिनेश सिंह तंवर उर्फ लाला पहलवान को दूसरी बार प्रधान, पूर्व पार्षद ओमपाल चौहान को उपप्रधान, रामसिंह वैद्य को महासचिव, सुधार समिति के प्रधान ठाकुर कृष्ण सिंह परमार को प्रवक्ता एवं रोहतास वर्मा संयोजक को कोषाध्यक्ष कार्यभार सौंपा गया।
इसके अलावा रामशरण ठेकेदार, कुलदीप सिंह तंवर, शिवकुमार गोठवाल, अशोक यादव, रमेश वर्मा भानगढ़, सुखबीर सिंह चौहान को कार्यकारिणी सदस्य नियुक्त किया गया। प्रवक्ता ने बताया कि बैठक में निर्णय लिया गया है कि महापंचायत कि हर माह के अंतिम रविवार को शाम 4 बजे मासिक बैठक करने, महापंचायत का स्थापना दिवस समारोह धूमधाम से मनाने, क्षेत्र के लोगों कि मूलभूत सुविधाओं के लिए महापंचायत और अधिक मजबूती से काम करेगी और क्षेत्रवासियों कि आकांक्षाओं के अनुसार काम करने का प्रयास करेगी। बैठक में लाला पहलवान, ठाकुर कृष्ण सिंह परमार, ओमपाल चौहान, रामशरण ठेकेदार, रोहतास वर्मा, रामसिंह वैद्य, शिवकुमार गोठवाल पार्षद मौजूद रहे।