भिवानी। जिला मुख्यालय पर निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज में निर्माण सामग्री की अब हर माह जांच होगी। इसके लिए उपायुक्त आरएस ढिल्लो ने अधिकारियों की एक कमेटी का गठन किया है, जो संयुक्त रिपोर्ट उपायुक्त को प्रस्तुत करेगी। इससे निर्माण कार्य में किसी प्रकार कोताही बरते जाने पर तुरंत प्रभाव से कार्रवाई होगी।
उल्लेखनीय है कि जिला मुख्यालय में पंडित नेकीराम शर्मा राजकीय मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य जोरों पर है। मेडिकल कॉलेज में पुलिस लाइन के सामने, तोशाम रेलवे ओवरब्रिज, किरोड़ीमल पार्क के सामने और सामान्य अस्पताल परिसर में भवन का निर्माण किया जा रहा है। इस निर्माण कार्य में नियमों के अनुरूप सामग्री का प्रयोग हो और निर्माण सामग्री में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जा सके, इसके लिए जिला प्रशासन पूरी तरह से गंभीर है। उपायुक्त ने निर्माण कार्य पर निगरानी के लिए अधिकारियों की एक कमेटी का गठन किया है।
कमेटी शामिल किए हैं ये अधिकारी
उपायुक्त द्वारा गठित कमेटी में लोक निर्माण विभाग से कार्यकारी अभियंता, पंचायती राज के कार्यकारी अभियंता और मार्केटिंग बोर्ड के कार्यकारी अभियंता को शामिल किया है। अधिकारियों की यह कमेटी यह जांच करेगी कि निर्माण के दौरान कार्य सभी निर्धारित मापदंडों, अनुपात अनुसार निर्माण सामग्री गुणवत्ता के अनुरूप किया जा रहा है या नहीं। यदि किसी प्रकार की लापरवाही बरते जाना सामने आता है तो रिपोर्ट में यह दर्शाया जाएगा।
कृषि मंत्री ने भी किया था मेडिकल कॉलेज निर्माण कार्य का औचक निरीक्षण
एक जनवरी को कृषि एवं पशुपालन मंत्री जेपी दलाल ने नागरिक अस्पताल का औचक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया था कि निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का प्रयोग किया जा रहा रहा है। इस पर उन्होंने लोक निर्माण विभाग को सैंपल देकर उसकी जांच करने के भी निर्देश दिए थे। कृषि मंत्री ने भी निर्माण कंपनी और स्वास्थ्य विभाग को सख्त निर्देश दिए थे कि मेडिकल कॉलेज में सही निर्माण सामग्री का प्रयोग किया जाए।
निर्माण में किसी तरह की लापरवाही नहीं होने दी जाएगी
मेडिकल कॉलेज पर सरकार करोंड़ों रुपये खर्च कर रही है। इस पैसे का सही ढंग से खर्च किया जाना जरूरी है। मेडिकल कॉलेज सालों चलने वाली इमारत होती है। ऐसे में इसमें प्रयोग होने वाली सामग्री की गुणवत्ता सही होनी चाहिए। इस बारे में कमेटी में शामिल किए गए अधिकारियों व स्वास्थ्य विभाग को भी अवगत करवा दिया गया है। मेडिकल कॉलेज के निर्माण में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने दी जाएगी। यदि निर्माण सामग्री में कोई कोताही बरती जाती है तो तुरंत प्रभाव से कार्रवाई की जाएगी।
- आरएस ढिल्लो, उपायुक्त, भिवानी।