भिवानी। हरियाणा रोडवेज की बसों के शीशों पर अब प्रचार सामग्री नजर नहीं आएगी। इनको अब हटाया जाएगा। इसके लिए रोडवेज निदेशालय ने दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
निदेशालय से जारी पत्र के अनुसार रोडवेज बसों के शीशों पर लगे स्टीकर और अन्य प्रकार की प्रचार सामग्री कर्मचारियों को हटानी होगी। कर्मचारी बसों में कोई आपत्तिजनक स्लोगन या विज्ञापन न लगवाएं। यदि किसी चालक, परिचालक ने बस के अंदर या बाहर अपनी मर्जी से किसी प्रकार का कोई स्लोगन या विज्ञापन लिखवाया है तो उसे हटा लें।
पिछले दिनों एक रूट पर रोडवेज की एक बस में चालक ने शीशे पर अपनी व्यक्तिगत इंस्टाग्राम आईडी लिखकर इसे फॉलो करने का संदेश लगाया था। एक यात्री ने इसका फोटो खींचकर परिवहन मंत्री को एक्स हैंडल पर भेजा। बताया कि बसों में इस तरह से व्यक्तिगत प्रचार किए जा रहे हैं। अपना प्रचार करने के लिए तांत्रिकों ने भी बसों में पोस्टर लगाए हैं।
इस कारण यात्रियों में हरियाणा रोडवेज और स्टाफ के प्रति नकारात्मक छवि बन रही है। रोडवेज की कई बसों पर कई तरह की रंग-बिरंगी टेप, स्टीकर और स्लोगन लिखे गए हैं। कई बसों के शीशों पर तो जरूरत से अधिक स्टीकर लगे होते हैं। ऐसे में मुख्यालय ने सख्ती कर बसों के आगे और पीछे के शीशों पर जरूरत से अधिक लगी टेप हटाने के निर्देश जारी किए हैं।
मुख्यालय से रोडवेज बसों पर लगे स्टीकर और टेप हटाने के आदेश मिले हैं। डिपो की सभी बसों के शीशों पर लगे स्टीकर उतरवाए जाएंगे। स्टीकर हटाने के लिए कार्यशाला प्रबंधक को आदेश जारी किए जा चुके हैं। - दीपक कुंडू, जीएम, रोडवेज, भिवानी डिपो।