भिवानी। प्रदेश सरकार के आठवीं कक्षा तक के स्कूल बंद करने के फैसले का प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन ने विरोध किया है। एसोसिएशन पदाधिकारियों ने सरकार को चेतावनी दी है कि यदि स्कूल बंद का निर्णय 14 अप्रैल तक वापस नहीं लिया तो हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 20 अप्रैल से शुरू होने वाली परीक्षाओं का बहिष्कार किया जाएगा। जिन प्राइवेट स्कूलों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, उन्हें ताला लगाकर बंद रखा जाएगा। इतना ही नहीं रोष स्वरूप उपायुक्त को सभी स्कूल बसों की चाबियां दी जाएंगी और वहीं सांकेतिक धरना दिया जाएगा।
शनिवार को प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन की प्रदेशस्तरीय बैठक हुई। जिसमें निजी स्कूल संचालकों ने भाग लिया। सभी स्कूल संचालकों ने एकजुट होकर प्राइवेट स्कूलों को आठवीं तक बंद करने के निर्णय का विरोध किया। प्रधान रामअवतार शर्मा ने सरकार के निर्णय की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि कोरोना से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए प्राइवेट स्कूल सभी प्रबंध करते हैं। बच्चों की थर्मल स्क्रीनिंग, मास्क और सामुदायिक दूरी का ध्यान रखा जाता है। स्कूल भवन सैनिटाइज किये जाते हैं। जब स्कूल सभी प्रबंध कर रहे हैं तो स्कूल बंद क्यों किये जा रहे हैं। सब कुछ खुला हुआ है सिर्फ और सिर्फ प्राइवेट स्कूल बंद किये जा रहे हैं। ये स्कूलों के साथ नाइंसाफी है। शिक्षा विभाग के आला अधिकारियों पर प्राइवेट स्कूलों को बंद करवाने की साजिश रचने का आरोप लगाते हुए शर्मा ने कहा कि पता नहीं अधिकारी मुख्यमंत्री को क्या फीडबैक देते हैं।
उन्होंने सोमवार से बुधवार तीन दिन (12 से 14 अप्रैल) तक का समय शिक्षा विभाग के अधिकारियों को दिया है। इस दौरान हरियाणा के स्कूल संचालक लगातार विरोध प्रदर्शन करेंगे। शर्मा ने बताया कि सबसे पहले प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी और एसीएस एजूकेशन को पत्र लिखेगा कि यदि सरकार स्कूल बंद करने के फैसले को वापस नहीं लेती है तो 20 अप्रैल से शुरू हो रही बोर्ड की परीक्षाओं में प्राइवेट स्कूलों में बने सेंटर भी बंद रहेंगे और वहां कोई परीक्षा नहीं की जाएगी। सरकार जहां चाहे वहां परीक्षा करें लेकिन प्राइवेट स्कूलों के सेंटर में परीक्षा नहीं होगी। अगले हफ्ते भिवानी आ रहे हरियाणा भाजपा अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ से मिलकर स्कूलों का पक्ष रखा जाएगा। मीटिंग में एसोसिएशन के वरिष्ठ उप-प्रधान वजीर ढांडा जींद, सचिव मीना नरवाल सोनीपत, सचिव सुनीता रेढू हिसार, सचिव कुलदीप कैथल, प्रधान सुरेश सांगवान दादरी, प्रीतम फौगाट, विक्रम फौगाट, पुरुषोत्तम शर्मा जींद, अमित डागर, करण मिरग, सजीव श्योराण, यतिंदर नाथ आदि उपस्थित थे।
उपायुक्त को देंगे स्कूल बसों की चाबी
15 अप्रैल को पूरे प्रदेश में जिला मुख्यालयों पर सभी स्कूल संचालक अपनी स्कूल बसें लेकर जाएंगे और सचिवालय में खड़ी करके चाबी उपायुक्त को दे देंगे और उपयुक्त कार्यालय पर सांकेतिक धरना देंगे। 16 अप्रैल को राज्य के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों के दफ्तर को बंद करके, उनके बाहर स्कूल संचालक धरने पर बैठेंगे। धरना तब तक जारी रहेगा जब तक स्कूल बंद करने के आर्डर वापस नहीं हो जाते। 19 अप्रैल को हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड का घेराव कर बोर्ड को ताला लगाएंगे, किसी कर्मचारी को अंदर नहीं जाने देंगे।