भिवानी। पूजा बोहरा ने बुधवार को मुकाबले में जाने से दो मिनट पहले पिता को फोन किया था। पूजा ने फोन पर कहा था कि पापा आप चिंता मत करो। आपकी बेटी देश को मायूस नहीं करेगी। रिंग में उतरते ही पूजा ने अपने इरादे भी जाहिर भी कर दिए। मैच शुरू होते ही पूजा ने अल्जीरिया की बॉक्सर इचराक चाइब पर लगतार हमले किए और मैच 5-0 से जीत लिया। पूजा के पूरे परिवार ने मैच का सीधा प्रसारण देखा। पूजा के पिता राजबीर ने बताया कि मैच शुरू होने से पहले दिल थोड़ा घबरा रहा था। पर मैच में पूजा का प्रदर्शन देख तसल्ली हो गई कि वह मैच जरूर जीतेगी।
पूजा की जीत के साथ ही टोक्यो से जिले के लिए लगातार आ रही मायूसी भरी खबरों पर भी ब्रेक लग गए हैं। दो बजकर 33 मिनट पर शुरू हुए मुकाबले में पूजा बोहरा शुरू से ही प्रतिद्वंद्वी बॉक्सर पर हावी रही। पहले राउंड से ही पूजा ने आक्रामक खेल दिखाते हुए बढ़त लेना शुरू कर दिया था। तीसरे राउंड तक अल्जीरिया की बॉक्सर उबर ही नहीं पाई। इस मौके पर पिता राजबीर बोहरा, मौसा रायसिंह बामल के अलावा भाई मनोज, अरविंद, मनीष छिल्लर और आदित्य भी टीवी के सामने से एक सेकेंड के लिए भी नहीं हटे। इसके अलावा भांजा कबीर, भांजी हुनर और बहन मोनिका मौजूद रहीं।
राइट हुक और स्ट्रेट हुक मजबूत पक्ष
पूजा बोहरा के कोच संजय श्योराण ने बताया कि राइट हुक और स्ट्रेट हुक पूजा के सबसे मजबूत पक्ष हैं। बुधवार के मैच में भी पूजा ने इसी पर फोकस रखा। पूजा का हर पंच निशाने पर लग रहा था। इससे विरोधी बॉक्सर का मनोबल टूटा और पूजा हावी होती चली गई। संजय श्योराण ने बताया कि पूजा की एकाग्रता भी मजबूत है। वह आपा नहीं खोती। पूजा ने सही मौका मिलते ही सीधी अल्जीरियाई बॉक्सर के चेहरे पर पंच लगाया। उन्होंने विश्वास जताया कि पूजा टोक्यो से देश के लिए स्वर्णिम खुशी लेकर लौटेगी।
घर में रखवाई थी पूजा
सुबह से ही पूजा की जीत के लिए घर में पूजा रखवाई गई थी। पंडितों ने पूजा की जीत के लिए रुद्राभिषेक पूजा की। जब तक पूजा का मैच खत्म नहीं हुआ तब तक पूजा जारी रही। जैसे ही पूजा को विजेता घोषित किया गया परिवार के लोग खुशी से उछल पड़े। मिठाई बांट कर खुशी मनाई। वहीं परिवार को बधाइयां देने वालों का तांता लगा हुआ है। (संवाद)
बॉक्सर पूजा बोहरा।- फोटो : Bhiwani