भिवानी। लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए सभागार में आयोजित समाधान शिविर में एडीसी दीपक बाबू लाल करवा ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे समाधान शिविर में आने वाली प्रत्येक शिकायत को प्राथमिकता के साथ निपटाएं। एडीसी के समक्ष पूर्व पार्षद ईश्वर मान ने ने जिले में सरकारी फंड से बांटे जा रहे पानी के टैंकरों और ट्रॉलियों के रंग को लेकर समाधान शिविर के माध्यम से एक मांग पत्र सौंपा है।
ईश्वर सिंह मान ने कहा कि विभाग के कार्यालय के पीछे ऐसे टैंकर और ट्रॉलियां खड़ी हैं, जिन्हें भगवा और हरे रंग से रंगा गया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा संचालित माइनिंग ग्रांट के तहत जिले के तोशाम, कैरू और बवानीखेड़ा खंडों की ग्राम पंचायतों के लिए पानी के टैंकर, ट्रॉलियां और ट्रैक्टर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। ये संसाधन एक्सईन पंचायती राज विभाग द्वारा वितरित किए जाने हैं। मान ने एतराज जताते हुए कहा कि सरकारी ग्रांट से खरीदी गई वस्तुओं पर किसी खास राजनीतिक पार्टी के रंगों का इस्तेमाल करना कानूनन गलत है। उन्होंने तर्क दिया कि यह सार्वजनिक संपत्ति का राजनीतिकरण है। आम जनता के बीच गलत संदेश जाता है। अनेक फरियादियों ने समस्याएं एडीसी के समक्ष रखी। समाधान शिविर में डीडीपीओ सोमबीर कादयान, नप ईओ राजा राम मौजूद रहे।