भिवानी। नगर परिषद फर्जी रसीद घोटाले में गिरफ्तार आरोपी हरीश को सोमवार को न्यायालय में पेश कर पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने दो दिन का रिमांड हासिल किया। पुलिस ने रसीद घोटाले के आरोपी हरीश से रिमांड के दौरान एक लाख 25 हजार रुपये की नकदी और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
इसी तरह रसीद घोटाले के मुख्य आरोपी रजनीश से भी पुलिस ने एक लाख दस हजार रुपये की नकदी बरामद की है। वहीं आर्थिक अपराध शाखा ने रसीद घोटाले की जांच भी तेज कर दी है। इसी को लेकर आर्थिक अपराध शाखा ने शहरवासियों से भी इस घोटाले से जुड़ी जानकारी और तथ्य उपलब्ध कराने के लिए नंबर जारी किया है, जिस पर कोई भी व्यक्ति पुलिस को इस संबंध में जानकारी व तथ्य उपलब्ध करा सकता है। जिसकी जानकारी और नाम पूरी तरह से गुप्त रखा जाएगा।
भिवानी नगर परिषद में चेक घोटाले के बाद रसीद घोटाले में आर्थिक अपराध शाखा ने दो आरोपियों की गिरफ्तारी की है। निवर्तमान पार्षद के भतीजे आरोपी रजनीश से पुलिस दो दिन का रिमांड लेकर गहन पूछताछ कर रही है। उससे अब तक एक लाख दस हजार रुपये की रिकवरी हो चुकी है। इसी तरह रसीद घोटाले के दूसरे आरोपी कराटे कोच हरीश सैनी को सोमवार की आर्थिक अपराध शाखा के इंचार्ज सतपाल सिंह ने न्यायालय में पेश किया, जहां से पुलिस ने उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर हासिल किया है। पुलिस ने रिमांड के दौरान आरोपी हरीश से एक लाख 25 हजार रुपये की नकदी और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है। पुलिस आरोपी से पहले ही एक लैपटॉप भी बरामद कर चुकी है। उसकी हाई डिस्क से फॉर्मेट किए गए डाटा को रिकवर किए जाने का भी प्रयास किया जा रहा है। इसी को लेकर सोमवार को भी आर्थिक अपराध शाखा की टीम इंप्रूवमेंट ट्रस्ट मार्केट में एक कंप्यूटर रिपेयर सेंटर पर पहुंची। वहां आरोपी हरीश ने अपने लैपटॉप से हार्ड डिस्क रिमूव कराने व उसके अंदर एक उपकरण डलवाने के लिए दिया था।
रसीद घोटाले की 9812803553 पर दे सकते हैं शिकायत
पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा के इंचार्ज सतपाल सिंह ने शहरवासियों से नगर परिषद में रसीद घोटाले से जुड़ी शिकायत, जानकारी और तथ्य पुलिस को उपलब्ध कराने के संबंध में नंबर जारी किया है। पुलिस को 9812803553 इस नंबर पर व्हाट्सएप के जरिये शिकायत, मामले से जुड़े तथ्य और कोई भी संबंधित दस्तावेज उपलब्ध कराया जा सकता है। पुलिस तथ्य उपलब्ध कराने वाले का नाम पूरी तरह से गुप्त रखेगी और शिकायतों पर भी संज्ञान लिया जाएगा।
पूछताछ की जा रही है
पुलिस ने रसीद घोटाले के आरोपी हरीश को सोमवार को न्यायालय में पेश कर उसका दो दिन का पुलिस रिमांड लिया है। इस दौरान उससे एक लाख 25 हजार की नकदी और एक फोन बरामद किया है। पुलिस रजनीश और हरीश से गहन पूछताछ में जुटी है, इस दौरान और भी कई तथ्य सामने आने की उम्मीद है।
-सतपाल सिंह, इंचार्ज आर्थिक अपराध शाखा भिवानी।