कमांडो व डॉग स्क्वायड की टीमों के साथ भिवानी के रेलवे स्टेशन पर सर्च अभियान चलाते पुलिस अधिका
भिवानी। गणतंत्र दिवस पर जिले में सुरक्षा के लिए पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर जांच अभियान व मुख्य मार्गों पर नाकाबंदी करके गहनता से जांच की। वीरवार को पुलिस अधीक्षक भिवानी नीतीश अग्रवाल के निर्देश पर गणतंत्र दिवस की सुरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए विभिन्न सार्वजनिक स्थलों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील स्थानों पर व्यापक जांच अभियान चलाया गया।
इस अभियान का उद्देश्य संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगाना, सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करना और जनता में सुरक्षा का भाव पैदा करना था। अभियान के तहत पुलिस की टीमों ने मेटल डिटेक्टर, डॉग स्क्वॉड, कमांडो दस्ता और अन्य सुरक्षा उपकरणों का उपयोग करते हुए गहन तलाशी ली। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के सामान की जांच की गई और प्लेटफॉर्म पर सतर्कता बढ़ाई गई।
बस स्टैंड और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी सुरक्षा बलों ने संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। वहीं पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या वस्तु की सूचना तुरंत पुलिस को दें। साथ ही उन्होंने विश्वास दिलाया कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिले की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह मजबूत है और पुलिस बल हर परिस्थिति से निपटने के लिए तत्पर है।
गणतंत्र दिवस को लेकर चौकसी बढ़ाई गई है। सभी पर्यवेक्षण अधिकारी, प्रबंधक थाना, चौकी इंचार्ज व क्राइम यूनिट के इंचार्जों को उनके क्षेत्र में संदिग्ध स्थान, होटल, ढाबा, बस स्टैंड व रेलवे स्टेशन पर व्यापक स्तर पर सर्च अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं जिला पुलिस द्वारा जिले में प्रमुख स्थानों पर नाकाबंदी करके जिले में आने व जाने वाले वाहनों की गहनता से जांच के निर्देश दिए गए हैं।
-नीतीश अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक, भिवानी।