भिवानी जिले में पुलिस के सदमे में मृत नरेश का फाइल फोटो।
भिवानी। गांव कलिंगा के सवाई पाना में नशा बिक्री की शिकायत पर खरक कलां चौकी पुलिस की टीम गलती से दूसरे घर में घुस गई। इस वजह से सदमे में मकान मालिक की हालत बिगड़ गई। इससे घबराकर चौकी पुलिस वहां से चली गई। परिजन उसे जिला नागरिक अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की बेटी नीतू ने पुलिस पर उसके पिता को धमकाकर जबरन गाड़ी में बैठाने के कारण सदमे से मौत होने के आरोप लगाए हैं।
गांव कलिंगा के सवाई पाना निवासी नरेश (44) के घर पर बुधवार शाम करीब सात बजे खरक कलां पुलिस चौकी की टीम पहुंची। उस समय नरेश की पत्नी और बेटी घर में मौजूद थीं जबकि नरेश बाथरूम में था। पुलिस ने दो बार नरेश को पुकारा। पत्नी ने पुलिस को बताया कि वह बाथरूम में हैं। इसके बावजूद बाथरूम से बाहर आते ही जबरन हाथ पकड़कर पुलिस ने नरेश को गाड़ी में बैठाने का प्रयास किया। इसी दौरान उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेसुध होकर जमीन पर गिर गया।
इसके बाद पुलिस ने अपनी गलती मानी और कहा कि वह गलती से यहां आ गई, जबकि उन्हें दूसरे घर में जाना था। मृतक नरेश की बेटी नीतू ने बताया कि उनके पिता बीमार रहते थे। पुलिस की गलती की वजह से ही उनके पिता की जान गई है। पड़ोस के लोगों ने जानबूझकर पुलिस को उनके घर भेजा था। वहीं, खरक कलां पुलिस चौकी प्रभारी नरेंद्र की टीम ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। फिलहाल मृतक की पत्नी रेनू के बयान दर्ज कर इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की गई है।
नशा बिक्री की शिकायत पर नरेश और अजीत की तलाश में पुलिस कलिंगा गई थी। पुलिस को जिस नरेश की तलाश थी, वह कोई और था और पुलिस गलती से दूसरे नरेश के घर पहुंच गई। जैसे ही नरेश ने अपने पिता का नाम बताया था, पुलिस वहां से चली गई थी। उससे पुलिस ने किसी तरह का अनुचित व्यवहार नहीं किया है। नरेश पहले से बीमार था, उसके हार्ट अटैक की बात सामने आ रही है। पोस्टमार्टम कराया गया है ताकि मौत का कारण स्पष्ट हो सके।
आर्यन चौधरी, डीएसपी, भिवानी।