भिवानी। बहल क्षेत्र के एक गांव की किशोरी से छेड़छाड़ और अपहरण के मामले में पुलिस ने बुधवार को किसान नेता रवि आजाद को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले में पहले ही तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस ने 12 दिसंबर को किशोरी के पिता की शिकायत पर छेड़छाड़, अपहरण, एससी/एसटी एक्ट और पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी। डीएसपी सिवानी आर्यन चौधरी ने बताया कि रवि आजाद को एसआईटी द्वारा गिरफ्तार कर लोहारू न्यायालय में पेश किया गया और न्यायिक हिरासत में भेजा गया। 19 दिसंबर को मामले में नामजद अन्य तीन आरोपियों विकास निवासी गोकलपुरा, नमित और मोहित निवासी सिधनवा को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है जो फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं।
डीएसपी ने बताया कि जांच प्रक्रिया को बेहद संवेदनशील और गंभीरता से अंजाम दिया जा रहा है। गौरतलब है कि तीन युवकों को गिरफ्तार करने के बाद पता चला कि वारदात के समय वे रवि आजाद की इनोवा गाड़ी में मौजूद थे जबकि प्राथमिकी में उनका नाम पहले शामिल नहीं था।
बुधवार को किसान नेता रवि आजाद अन्य किसान नेताओं के साथ सिवानी तहसील परिसर स्थित डीएसपी कार्यालय में जांच में शामिल होने के लिए पेश हुए। एसआईटी टीम ने डीएसपी आर्यन चौधरी के नेतृत्व में महिला डेस्क पर उनसे लंबी पूछताछ की और हिरासत में लिया। शाम करीब पांच बजे पुलिस ने रवि आजाद को बहल थाने की पीसीआर में कड़ी सुरक्षा के बीच लोहारू कोर्ट में पेश किया। पूछताछ के दौरान पुलिस थाने के बाहर लोगों की भीड़ जुटने से माहौल तनावपूर्ण हो गया।
ये था पूरा मामला
12 दिसंबर को बहल क्षेत्र के एक गांव के व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि उसकी नाबालिग बेटी को 15-20 दिन पहले गांव के बस स्टैंड पर खड़ा देखकर एक इनोवा गाड़ी चालक ने बहल छोड़ने की बात कहकर बैठा लिया। आरोप है कि गाड़ी चालक ने रास्ते में किशोरी से छेड़छाड़ की। पीड़िता ने बताया कि चालक ने अपना नाम रवि आजाद बताया और खुद को बड़ा किसान नेता बताया। 10 दिसंबर को किशोरी के घर के बाड़े में रवि आजाद की गाड़ी में आए युवकों ने अपहरण की कोशिश यह कहते हुए कि किशोरी को रवि आजाद बुला रहे हैं।
गोपालवास चबूतरे पर हुई महापंचायत
रवि आजाद के बुलाने पर 15 दिसंबर को गोपालवास चबूतरे पर सर्वजातीय न्याय महापंचायत हुई जिसमें वक्ताओं ने कहा कि यह मामला राजनीति से प्रेरित है और रवि आजाद की भूमिका नजर नहीं आती। महापंचायत में दो कमेटियों का गठन भी किया गया था। मामले में तीन अन्य युवकों को प्राथमिकी दर्ज होने के सात दिन बाद 19 दिसंबर को गिरफ्तार किया गया था और वे फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं।
पॉक्सो एक्ट मामले में किसान नेता रवि आजाद को गिरफ्तार किया है। न्यायालय ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। मामले में पहले ही तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और जांच प्रक्रिया जारी है। -आर्यन चौधरी, डीएसपी सिवानी