गांव रतेरा बैंक में लूट मामले में पकड़े गए आरोपी बवानीखेड़ा पुलिस टीम की गिरफ्त में। संवाद न्यूज
- फोटो : Bhiwani
साढ़े तीन महीने पहले तोशाम के केनरा बैंक में हुई लूट की वारदात का यू-ट्यूब पर वीडियो देखकर दोनों आरोपियों ने गांव रतेरा बैंक शाखा लूट की वारदात को अंजाम दिया था। यह खुलासा आरोपियों ने पुलिस पूछताछ के दौरान किया है।
पुलिस के समक्ष आरोपियों ने यह भी बताया कि इस बैंक शाखा में उसमें से एक युवक की मामी का बैंक खाता था, जिसके साथ यहां आकर पहले रेकी की थी। इस बैंक शाखा में कोई सुरक्षा गार्ड नहीं था और पैसों का भी रोजाना अच्छा लेन-देन होता था, इसलिए इसे ही टारगेट बनाया। यू-ट्यूब की वीडियो ने दो युवकों को अब जेल पहुंचा दिया। दोनों ही आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्तौल और चाकू के साथ हेलमेट और एक बैग भी बरामद किया है। जबकि बैंक से लूटे गए कैश में 84500 रुपये की राशि का मिलान नहीं हो पाया है। हालांकि बैंक से आरोपियों ने कितनी नकदी लूटी थी इसकी जानकारी नहीं हो सकी है। इसको लेकर पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और साइबर सेल की मदद ले रही है।
सोमवार दोपहर बाद सवा तीन बजे एक बाइक पर सवार होकर आए दो बदमाशों ने गांव रतेरा की पीएनबी शाखा में पिस्तौल और चाकू के बल पर नकदी लूट की वारदात को अंजाम दिया था। दोनों ही आरोपी बैंक शाखा के अंदर मुंह पर सफेद रंग का कपड़ा बांध ऊपर से हेलमेट पहने हुए अंदर घुसे थे। इसमें से एक युवक ने सीधे कैश काउंटर पर बैठे कैशियर की कनपटी पर पिस्तौल तान दी थी। जिसके बाद दूसरे युवक ने साथ लाए बैग के अंदर रुपये डाले थे। इसके बाद ये युवक जैसे ही शाखा से बाहर निकले तो ग्रामीणों ने इन्हें पकड़कर इनकी जमकर धुनाई कर डाली थी। इस वारदात में दोनों ही आरोपियों की पहचान हिसार के लाडवा निवासी सुभाष और अजय के रूप में हो चुकी है। पुलिस पूछताछ में दोनों ही आरोपियों ने कबूला कि गत सात नवंबर 2019 को तोशाम स्थित केनरा बैंक शाखा में दिनदहाड़े 3.91 लाख रुपये की तीन बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया था। इस वारदात का यू-ट्यूब पर वीडियो भी वायरल हुआ था। इसी वायरल वीडियो को देखने के बाद दोनों आरोपियों के दिमाग में बैंक लूटने की शैतानी सोच पैदा हुई।
सातवीं और नौंवी तक पढ़े अजय और सुभाष घूम रहे थे बेरोजगार : पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि बैंक लूट का आरोपी सुभाष नौंवी तक पढ़ा लिखा है। जबकि उसका चचेरा भाई अजय सातवीं तक पढ़ाई की है। दोनों भाई गांव में ही बेरोजगार घूम रहे थे। वारदात को अंजाम देने के लिए वे गांव में अपने चाचा की बाइक उधार मांगकर लाए थे और इसी बाइक पर बैठकर अपने गांव से रतेरा बैंक शाखा तक पहुंचे थे।
बैंक लूट वारदात में शामिल अजय और सुभाष को मंगलवार सुबह न्यायालय में पेश कर एक दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। पुलिस रिमांड अवधि के दौरान आरोपियों से पूछताछ करेगी। फिलहाल उनसे वारदात में इस्तेमाल हथियार और अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस सीसीटीवी और साइबर सेल की मदद से भी मामले की जांच कर रही है।
- श्रीभगवान यादव, एसएचओ, बवानीखेड़ा पुलिस थाना