भिवानी। लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए हाल में नागरिक संसाधन सूचना विभाग (क्रीड) से संबंधित अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता एडीसी डॉ. मुनीष नागपाल ने की।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परिवार पहचान पत्र से संबंधित भौतिक सत्यापन का कार्य संबंधित व्यक्ति के घर पर जाकर किया जाए। भौतिक सत्यापन के नाम पर खानापूर्ति करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इसके साथ उन्होंने निर्देश दिए कि भौतिक सत्यापन का कार्य समयबद्ध समय तरीके से हो ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने निर्देश दिए कि समाधान शिविरों के माध्यम से आने वाली क्रीड से संबंधित शिकायतों को अति शीघ्र निपटाए नहीं तो उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि परिवार पहचान पत्र में जिसकी आय शून्य दिखाई गई है, उसकी भौतिक सत्यापन भी जरूर की जाए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि परिवार पहचान पत्र के साथ सरकार की अनेक योजनाएं जुड़ी हुई हैं। इसलिए सभी संबंधित कर्मचारी मौके पर जाकर पूरी गहनता के साथ जांच करें और ईमानदारी व निष्ठा पूर्ण कार्य करें। उन्होंने कहा कि अधिकारी मौके पर जाकर जांच करेंगे तो पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ मिलेगा। जांच के दौरान 180000 रुपए से कम आय वालों के घर में कार, स्कूटर, टीवी, फ्रिज इत्यादि की पूरी तरह से जांच करें।
उन्होंने कहा है कि अपात्र बीपीएल कार्ड होल्डर समय रहते अपने कार्ड जल्दी से कटवा ले, अन्यथा उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।