भिवानी। दिल्ली सहित प्रदेश के दूसरे जिलों में ऑक्सीजन का संकट बना हुआ है। भिवानी में भी ऑक्सीजन को लेकर मारामारी चल रही है। कई जिलों में तो प्लांट से कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच अस्पतालों तक ऑक्सीजन पहुंच रही हैं। इसी मारामारी के बीच भिवानी में स्वास्थ्य विभाग अपना स्टॉक फुल करने में जुटा है। हालांकि दूसरे जिलों में बनी ऑक्सीजन की कमी के चलते स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। भिवानी जिला सामान्य अस्पताल में आपूर्ति के लिए शनिवार को हिसार प्लांट से एक गाड़ी पहुंची। जिसके अंदर करीब 70 ऑक्सीजन सिलिंडर स्वास्थ्य विभाग को दिए गए। इनमें 33 सिलिंडर बी टाइप और 37 सिलिंडर डी टाइप के शामिल हैं।
जिला सामान्य अस्पताल के सभी वार्डों और आपात विभाग तक ऑक्सीजन आपूर्ति के लिए स्थायी पाइपलाइन है। जिसका कंट्रोल रूम भी बना हुआ है। इसी कंट्रोल रूम से ऑक्सीजन पूरे अस्पताल परिसर में पाइपलाइन के जरिए सप्लाई होती है। वेंटीलेटर और वार्ड में दाखिल मरीजों के लिए पाइपलाइन के जरिए ही आक्सीजन दी जा रही है। इसी के साथ एंबुलेंस और जीवन रक्षक वाहनों में भी आक्सीजन के बी टाइप सिलिंडर इस्तेमाल किए जा रहे हैं। इन दोनों ही श्रेणी के ऑक्सीजन सिलिंडरों का पर्याप्त भंडारण अस्पताल प्रशासन करने में जुटा है। हालांकि अभी तक जिला सामान्य अस्पताल में ऑक्सीजन की कोई कमी नहीं बताई जा रही है। बल्कि भिवानी में कई निजी अस्पतालों में बनी ऑक्सीजन की किल्लत को दूर करने के लिए भी स्वास्थ्य विभाग ने अपने कदम आगे बढ़ाए हैं। कई निजी अस्पतालों को भी ऑक्सीजन सिलिंडरों की आपूर्ति दी गई है।
हिसार प्लांट से होती है भिवानी में ऑक्सीजन की सप्लाई
हिसार के गुप्ता प्लांट से मेडिकल ऑक्सीजन की सप्लाई भिवानी के जिला सामान्य अस्पताल में होती है। वहीं से निजी अस्पतालों को भी ऑक्सीजन की सप्लाई होती है। मगर भिवानी के कई निजी अस्पतालों में पर्याप्त ऑक्सीजन की सप्लाई न होने की बातें भी सामने आ रही हैं। इसकी वजह यह भी मानी जा रही है कि इन अस्पतालों में अब ऑक्सीजन की डिमांड बढ़ गई है, जबकि कुछ दिन पहले तक इन्हें सामान्य तौर पर ऑक्सीजन की सप्लाई होती रही है। बढ़ी डिमांड के अनुसार इन्हें ऑक्सीजन नहीं मिल रही है। वहीं जिला सामान्य अस्पताल में ऑक्सीजन का पर्याप्त भंडारण बताया जा रहा है। हालांकि सप्लाई में भी अभी तक कोई दिक्कत नहीं होने की बातें कही जा रही हैं।
जिले में मेडिकल आक्सीजन सिलिंडर की तीन गुना मांग बढ़ी
जिले के अस्पतालों में औसतन रोजाना 50 मेडिकल आक्सीजन सिलिंडरों की खपत होती थी, लेकिन अब कोरोना संक्रमण में ये मांग तीन गुना बढ़ गई है। जिले भर में अब रोजाना मेडिकल आक्सीजन सिलिंडर की खपत करीब 150 तक पहुंच गई है। जिले भर में करीब 75 निजी अस्पताल हैं, मगर इन सभी में आईसीयू की सुविधा नहीं हैं। कुछ निजी अस्पतालों में आईसीयू की सुविधा हैं, जिनमें अब आक्सीजन खपत तीन गुना हो गई है। जिला मुख्यालय के अस्पताल में वेंटीलेटर की सुविधा भी है। यहां आठ वेंटीलेटर हैं, जिनमें मरीजों को आक्सीजन की सुविधा दी जा रही है।
वर्जन:::
हिसार प्लांट से मेडिकल आक्सीजन की नियमित सप्लाई आ रही है। शनिवार को भी 70 बी टाइप और डी टाइप मेडिकल आक्सीजन सिलिंडर यूनिट में पहुंचे हैं। रोजाना ही 25 से 30 बी टाइप और करीब 20 डी टाइप आक्सीजन सिलिंडरों की डिमांड बनी है।
- सुखदेव, तकनीशियन, ऑक्सीजन यूनिट, जिला सामान्य अस्पताल भिवानी।
वर्जन:::
हमारे पास पर्याप्त ऑक्सीजन सिलिंडर हैं। कुछ निजी अस्पतालों ने हमसे मांग की है और कुछ निजी अस्पतालों की हमने मदद भी की है। कोरोना संक्रमितों को किसी भी तरह की कोई परेशानी नहीं आने दी जाएगी।
-कृष्ण कुमार, कार्यकारी सिविल सर्जन भिवानी।