भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की सेकेंडरी और सीनियर सेकेंडरी की वार्षिक परीक्षा फरवरी-मार्च 2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन 30 अक्तूबर से शुरू होंगे। नियमित परीक्षार्थियों के साथ गुरुकुल और विद्यापीठ के विद्यार्थी भी निर्धारित समय-सीमा में आवेदन कर सकेंगे।
बोर्ड अध्यक्ष शंकर लाल धूपड़ ने बताया कि स्थायी व अस्थायी मान्यता प्राप्त राजकीय और अराजकीय विद्यालयों तथा गुरुकुल-विद्यापीठ के मुखिया 30 अक्तूबर से 26 नवंबर तक बिना विलंब शुल्क आवेदन कर सकेंगे। इसके बाद 27 से 30 नवंबर तक 100 रुपये, एक से चार दिसंबर तक 300 रुपये और पांच से आठ दिसंबर तक 1000 रुपये विलंब शुल्क के साथ आवेदन किया जा सकेगा। अंतिम तिथि के बाद कोई आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
सेकेंडरी के लिए 1250, सीनियर सेकेंडरी के लिए 1300 रुपये शुल्क
सेकेंडरी के नियमित परीक्षार्थियों को 1150 रुपये परीक्षा शुल्क और 100 रुपये माइग्रेशन शुल्क सहित कुल 1250 रुपये जमा कराने होंगे। सीनियर सेकेंडरी के लिए परीक्षा शुल्क 1200 रुपये और माइग्रेशन शुल्क 100 रुपये सहित कुल 1300 रुपये निर्धारित किए गए हैं। दोनों कक्षाओं में प्रत्येक प्रायोगिक विषय के लिए 100 रुपये अतिरिक्त देने होंगे।
सीनियर सेकेंडरी में अतिरिक्त विषय की परीक्षा देने वाले परीक्षार्थियों को निर्धारित परीक्षा शुल्क के अलावा 200 रुपये अतिरिक्त विषय शुल्क भी जमा कराना होगा। विद्यालयों, गुरुकुलों और विद्यापीठों के मुखिया ऑनलाइन पंजीकरण के लिए बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से लॉगिन कर आवेदन कर सकते हैं।